29,334 शिक्षक भर्ती: 47 अभ्यर्थियों को मिले नियुक्ति पत्र:उच्च प्राथमिक विद्यालयों को मिले गणित-विज्ञान के शिक्षक


उत्तर प्रदेश के परिषदीय उच्च प्राथमिक विद्यालयों में विज्ञान और गणित विषय के 29,334 सहायक अध्यापकों की भर्ती प्रक्रिया में बुधवार को 47 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। यह वितरण जनपद के मम्फोर्डगंज स्थित सर्व शिक्षा अभियान कार्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम में हुआ। विभागीय जानकारी के अनुसार, कुल 52 अभ्यर्थियों को काउंसलिंग के लिए बुलाया गया था। जनपद चयन समिति के समक्ष हुई इस प्रक्रिया में 47 अभ्यर्थी उपस्थित हुए, जबकि 5 अनुपस्थित रहे। उपस्थित सभी सफल उम्मीदवारों को बीएसए अनिल कुमार ने नियुक्ति पत्र सौंपे।
बीएसए अनिल कुमार ने बताया कि नियुक्ति पत्र वितरण से पहले सभी अभ्यर्थियों के शैक्षिक और तकनीकी अभिलेखों की गहन जांच की गई थी। पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न क्षेत्रों के खंड शिक्षा अधिकारियों (BEO) की एक टीम तैनात की गई थी। इसमें लालजी शर्मा (बीईओ होलागढ़), शिव औतार (बीईओ बहरिया), अखिलेश कुमार (बीईओ सैदाबाद), क्षमाशंकर (बीईओ कौड़िहार) और प्रतिभा सिंह (नगर क्षेत्र) शामिल थे। काउंसलिंग के दौरान अभ्यर्थियों ने अपने मूल शैक्षिक प्रमाण पत्र, प्रशिक्षण अभिलेख, मूल निवास, जाति प्रमाण पत्र और पहचान पत्र (आधार व पैन कार्ड) जमा किए। इसके अतिरिक्त, 29,334 भर्ती के ऑनलाइन आवेदन की प्रति, शुल्क रसीद और निर्धारित शपथ पत्र भी जनपदीय चयन समिति को सौंपे गए। इन नियुक्तियों से जिले के उच्च प्राथमिक स्कूलों में गणित और विज्ञान विषयों के शिक्षकों की कमी दूर होने की उम्मीद है, जिससे शिक्षण स्तर में सुधार हो सकेगा। बीएसए अनिल कुमार ने सभी नवनियुक्त शिक्षकों को बधाई दी और उन्हें पूरी निष्ठा के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का निर्देश दिया।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *