अयोध्या में सरयू खतरे के निशान से 34 सेमी ऊपर:तराई इलाकों में बढ़ा बाढ़ का खतरा, सुबह का मौसम हुआ सुहाना


अयोध्या जिले में गुरुवार सुबह आसमान में हल्के बादल छाए हुए है। मौसम सुहाना बना हुआ है। कुछ देर के लिए हल्की धूप भी निकली। हालांकि मौसम में उमस बनी हुई है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में अयोध्या और आसपास के इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। बारिश होने पर सरयू नदी के जलस्तर में और बढ़ोतरी की आशंका है। सरयू नदी इस समय खतरे के निशान से 34 सेंटीमीटर ऊपर 93.7 मीटर पर बह रही हैं। नदी का जलस्तर बढ़ने से अयोध्या के साथ गोंडा और बस्ती के तराई क्षेत्रों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। नदी किनारे बसे कई इलाकों में पानी पहुंचने लगा है। कुछ स्थानों पर बाढ़ का पानी लोगों के घरों तक पहुंच गया है, जिससे ग्रामीणों की परेशानी बढ़ गई है। तस्वीरों में देखें .. जलस्तर बढ़ने के कारण नदी के आसपास के निचले इलाकों में रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ गई है। ग्रामीण अपने जरूरी सामान को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने में जुटे हैं। कई जगहों पर रास्तों और खेतों में भी पानी भरने लगा है। इससे आवागमन और खेती-किसानी प्रभावित होने की आशंका है। प्रशासन की ओर से नदी के जलस्तर और प्रभावित क्षेत्रों पर नजर रखी जा रही है। निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि बारिश का दौर जारी रहा और सरयू का जलस्तर और बढ़ा तो हालात और गंभीर हो सकते हैं। 24 घंटे में बारिश के आसार मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। बारिश और सरयू के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए तराई क्षेत्रों में बाढ़ का खतरा बना हुआ है। प्रशासन और स्थानीय लोगों की नजर अब नदी के जलस्तर पर टिकी है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *