![]()
वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से मंगलवार देर रात बड़ा हादसा टल गया। नवी मुंबई के लिए उड़ान भर रही अकासा एयर की फ्लाइट QP-1430 से उड़ान भरते ही पक्षी टकरा गया, जिसके बाद फ्लाइट को वापस एयरपोर्ट लौटना पड़ा। दरअसल, अकासा एयर की फ्लाइट का निर्धारित प्रस्थान समय रात 7:55 बजे था, लेकिन मंगलवार को विमान ने रात करीब 9:50 बजे वाराणसी एयरपोर्ट से उड़ान भरी। बताया जा रहा है कि टेक-ऑफ के दौरान ही विमान से पक्षी टकरा गया। हवा में जाने के बाद जब पायलट को इसका अंदाजा लगा तो तत्काल वाराणसी एयरपोर्ट के एटीसी से संपर्क कर पूरी जानकारी दी और लैंडिंग की अनुमति मांगी। अनुमति मिलने के बाद रात 10:50 बजे विमान की वाराणसी एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग कराई गई। इस दौरान विमान में सवार यात्री डरे-सहमे नजर आए। विमान में 182 यात्री और 6 क्रू मेंबर समेत कुल 188 लोग सवार थे। लैंडिंग के बाद इंजीनियरों ने विमान की तकनीकी जांच शुरू की। शुरुआती जांच में पक्षी टकराने से इंजन के प्रभावित होने की बात सामने आई। बुधवार को विशेषज्ञों की टीम एयरपोर्ट पहुंची। उसके बाद शाम को विमान ठीक किया जा सका। 25 यात्रियों ने रद्द की यात्रा इस घटना के बाद एयरलाइंस द्वारा विमान से जाने वाले यात्रियों को रात में होटल में ठहराया गया था। बुधवार को अलग-अलग विमानों से उनको भेजा गया। वहीं 25 यात्रियों ने अपनी यात्रा रद्द करते हुए पैसे वापस ले लिये। इस बारे में एयरलाइंस के अधिकारियों ने बताया कि जांच होने और शाम को विमान के ठीक होने के बाद बुधवार रात में विमान को नवी मुंबई भेज दिया गया।
Source link
वाराणसी एयरपोर्ट से उड़ान भरते ही विमान से पक्षी टकराया:अकासा एयर की नवी मुंबई फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग, 182 यात्री सुरक्षित