कायमगंज में 17 घंटे बाद झाड़ियों में मिली लापता बच्ची:पुलिस से बोली- 'चाचा ले गया था’, एक युवक हिरासत में; CCTV में दिखा था


कायमगंज में सोमवार शाम करीब 6 बजे लापता हुई मानसिक रूप से मंदित बालिका को पुलिस ने 17 घंटे बाद सकुशल बरामद कर लिया। मंगलवार सुबह करीब 11 बजे बालिका नगर के सधवाड़ा मोहल्ले के पास झाड़ियों में मिली। ई-रिक्शा चालक ने बच्ची को अकेले खड़े देखा तो मोहल्ले के लोगों को सूचना दी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और बालिका को सुरक्षित अपने कब्जे में लिया। मंगलवार सुबह एक ई-रिक्शा चालक निर्माणाधीन नगर परिषदीय विद्यालय के पास से गुजर रहा था। इसी दौरान उसकी नजर झाड़ियों में अकेली खड़ी बच्ची पर पड़ी। उसने आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और बच्ची को थाने ले गई। रातभर हुई बारिश, फिर भी कपड़े सूखे मिले रातभर इलाके में तेज बारिश हुई थी, लेकिन बरामदगी के समय बालिका के कपड़े सूखे थे। उसकी हालत देखकर आशंका जताई जा रही है कि उसे किसी सुरक्षित स्थान पर रखा गया था और बाद में झाड़ियों में छोड़ा गया। बच्ची पुलिस को केवल इतना बता सकी कि उसे ‘चाचा ले गया था।’ पुलिस ने युवक को हिरासत में लिया बालिका की तलाश के दौरान कोतवाली पुलिस ने नगर सीमा से सटे गऊटोला गांव के एक युवक को हिरासत में लिया है। स्थानीय लोगों का अनुमान है कि पुलिस की सख्ती के चलते बच्ची के साथियों ने उसे झाड़ियों में छोड़ दिया होगा। पुलिस रातभर आसपास के खेतों और संभावित स्थानों पर तलाश करती रही, लेकिन उस समय बालिका का पता नहीं चल सका था। परिजनों ने पुलिस को धन्यवाद दिया बालिका के सकुशल मिलने की सूचना पर अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार सिंह, सीओ राजेश कुमार द्विवेदी और प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। बच्ची को सुरक्षित देखकर अधिकारियों ने राहत की सांस ली। कानपुर में मजदूरी करने वाले बालिका के पिता जितेंद्र और मां आरती ने बेटी के सही-सलामत मिलने पर राहत जताई और पुलिस प्रशासन का धन्यवाद किया। पुलिस हिरासत में लिए गए युवक से पूछताछ कर रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *