![]()
ललितपुर में दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों तक विज्ञान को पहुंचाने के लिए आईआईटी कानपुर द्वारा निर्मित सचल विज्ञान बस का संचालन 17 से 31 अगस्त तक किया जाएगा। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद लखनऊ, उत्तर प्रदेश शासन की ओर से संचालित इस बस को जिलाधिकारी सत्य प्रकाश ने सोमवार को कैंप कार्यालय से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। डीएम सत्य प्रकाश ने कहा कि सचल विज्ञान बस ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों में विज्ञान के प्रति रुचि और जिज्ञासा बढ़ाने में मददगार होगी। उन्होंने कहा कि समाज के विकास के लिए लोगों में वैज्ञानिक सोच होना जरूरी है। विद्यार्थियों को विज्ञान के सिद्धांतों के साथ उनसे जुड़े प्रयोगों की जानकारी भी दी जानी चाहिए। 20 मॉडल से सीखेंगे विज्ञान के प्रयोग
जिला विज्ञान क्लब के समन्वयक राहुल जैन ने बताया कि बस में ‘उज्जवल भविष्य के लिए ऊर्जा बचाएं’ विषय पर आधारित 20 स्वचालित और हस्तचालित मॉडल लगाए गए हैं। विद्यार्थी इन मॉडलों को स्वयं संचालित कर प्रयोग के जरिए सीख सकेंगे। इसके अलावा वैज्ञानिक सिद्धांतों पर आधारित व्याख्यान और वैज्ञानिक फिल्में भी दिखाई जाएंगी। सभी तहसीलों में पहुंचेगी विज्ञान बस
जिला विद्यालय निरीक्षक ओम प्रकाश ने बताया कि बस में विज्ञान से संबंधित उच्च स्तर के मॉडल प्रदर्शित किए गए हैं, जो छात्र-छात्राओं के लिए काफी शिक्षाप्रद हैं। कलेक्ट्रेट से रवाना हुई बस को पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, ललितपुर भेजा गया है। बस जिले में 15 दिनों तक चलेगी और सभी तहसीलों के विद्यालयों तक पहुंचेगी। इसके लिए रूटचार्ट तैयार कर लिया गया है। विद्यार्थियों और आम लोगों में जागरूकता बढ़ाना उद्देश्य
सचल विज्ञान बस का मुख्य उद्देश्य दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यालयों में विज्ञान को लोकप्रिय बनाना और विद्यार्थियों के साथ आमजन में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। इस पहल के जरिए बच्चों को किताबों से आगे बढ़कर प्रयोगात्मक तरीके से विज्ञान समझने का अवसर मिलेगा। अधिकारी और प्रधानाचार्य रहे मौजूद
कार्यक्रम के दौरान जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रत्नेश कुमार, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज ललितपुर की प्रधानाचार्य किरण वर्मा और रॉयल एकेडमी की प्रधानाचार्य डॉ. सिंधु समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
Source link
ललितपुर में 15 दिन चलेगी सचल विज्ञान बस:छात्र खुद प्रयोग कर सीखेंगे विज्ञान, 20 मॉडल से ऊर्जा संरक्षण और वैज्ञानिक सिद्धांतों की मिलेगी जानकारी