कैलाश महादेव पर उमड़ा जनसैलाब:रात 2 बजे से चढ़ रही कांवड़,मंदिर के बाहर शिव भक्तों की लंबी लाइन, यमुना उफान पर,गोताखोर तैनात


सावन के तीसरे सोमवार को आगरा कैलाश महादेव मंदिर भगवान भोलेनाथ के जयकारों से गूंज उठा। सुबह से ही हजारों की संख्या में शिवभक्त जलाभिषेक के लिए पहुंचे। मंदिर के बाहर दूर तक भक्तों की कतारें लगी हैं। हर कोई “हर-हर महादेव” और “बम-बम भोले” के नारों के साथ महादेव को जल चढ़ाने के लिए बेताब नजर आया।
कांवड़ियों का सिलसिला रात 2 बजे से ही शुरू हो गया था। डाक कांवड़ लेकर आए शिवभक्तों ने सबसे पहले जल चढ़ाया। मंदिर प्रशासन के मुताबिक यह क्रम सोमवार रात 12 बजे तक लगातार चलेगा। 12 बजे के बाद मंदिर के पट बंद कर दिए जाएंगे। अभी तक लाखों भक्त महादेव का जलाभिषेक कर चुके हैं। मान्यता है कि सावन के सोमवार को यहां जल चढ़ाने से मनोकामनाएं पूरी होती हैं, इसी वजह से रात में भी हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। भक्तों की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। मंदिर के चारों ओर बैरिकेडिंग कर पुलिस बल तैनात किया गया है। यमुना नदी उफान पर होने के कारण नदी की तरफ जाने वाले रास्तों को बंद कर दिया गया है। हादसे की आशंका को देखते हुए गोताखोरों की तैनाती भी की गई है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे यमुना किनारे न जाएं और निर्धारित मार्ग से ही मंदिर पहुंचें। सावन के तीसरे सोमवार के चलते आगरा में आज स्थानीय अवकाश है। इस वजह से सरकारी और गैर सरकारी कार्यालय बंद हैं। छुट्टी होने के कारण दूर-दराज से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु परिवार के साथ दर्शन करने पहुंचे हैं। कैलाश महादेव की मान्यता पूरे ब्रज क्षेत्र में है। हर साल सावन में यहां लाखों श्रद्धालु आते हैं। प्रशासन का दावा है कि व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल और स्वयंसेवकों की ड्यूटी लगाई गई है ताकि किसी को दिक्कत न हो।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *