अम्बेडकरनगर में रिमझिम बारिश, गर्मी से मिली राहत:धान की फसल को फायदा, किसानों के चेहरे खिले


अम्बेडकरनगर में सोमवार सुबह से रुक-रुककर हो रही रिमझिम बारिश ने मौसम का मिजाज बदल दिया है। पिछले कई दिनों से उमस और गर्मी से परेशान लोगों को इस बारिश के बाद काफी राहत मिली है। सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे और बीच-बीच में हुई फुहारों ने मौसम को खुशनुमा बना दिया। ठंडी हवाओं के साथ बारिश होने से तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। बारिश शुरू होते ही सड़कों और बाजारों में लोगों की आवाजाही पर असर पड़ा, जहां कई लोग छाता लेकर निकले। यह बारिश किसानों के लिए भी बड़ी राहत लेकर आई है। इस समय धान की फसल को पानी की सख्त आवश्यकता होती है। रिमझिम बारिश से खेतों में पर्याप्त नमी पहुंचने की उम्मीद है, जिससे किसानों को धान की सिंचाई में कुछ राहत मिलेगी और पानी पर होने वाला खर्च भी कम हो सकता है। खेतों में नमी बढ़ने से धान की बढ़वार को भी फायदा मिलने की उम्मीद है। ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों के चेहरे पर खुशी दिखाई दी। उनका कहना है कि धान की फसल के लिए इस समय बारिश बेहद जरूरी है और यदि आने वाले दिनों में भी अच्छी बारिश होती रही तो फसल बेहतर होगी। हालांकि, किसानों और ग्रामीणों को तेज बारिश की स्थिति में जलभराव की चिंता भी सता रही है। निचले इलाकों और खेतों में अधिक पानी जमा होने से फसलों को नुकसान पहुंच सकता है। फिलहाल, इस रिमझिम बारिश ने गर्मी और उमस से राहत देने के साथ-साथ किसानों को भी नई उम्मीद दी है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *