अम्बेडकरनगर में ग्रामसभा बैठकों का अब डिजिटल रिकॉर्ड बनेगा:899 पंचायतों में वीडियो रिकॉर्डिंग अनिवार्य, AI से तैयार होगा कार्यवृत्त


अम्बेडकरनगर में ग्रामसभा की बैठकों में अब चर्चा और निर्णयों का डिजिटल रिकॉर्ड तैयार किया जाएगा। जिले की सभी 899 ग्राम पंचायतों में होने वाली विशेष ग्रामसभा बैठकों की पूरी कार्यवाही की उच्च गुणवत्ता वाली वीडियो और ऑडियो रिकॉर्डिंग अनिवार्य कर दी गई है। यह रिकॉर्डिंग निर्धारित समय में ‘सभासार’ पोर्टल पर अपलोड की जाएगी। इसके बाद आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के माध्यम से बैठक का डिजिटल कार्यवृत्त तैयार होगा। यह नई व्यवस्था केंद्र सरकार के पंचायती राज मंत्रालय के निर्देश पर लागू की जा रही है। मंत्रालय द्वारा विकसित ‘सभासार’ एआई आधारित प्लेटफॉर्म बैठक की रिकॉर्डिंग के आधार पर कार्यवृत्त तैयार करेगा, जिससे चर्चाओं, प्रस्तावों और निर्णयों का डिजिटल संधारण एवं अभिलेखीकरण सुनिश्चित हो सकेगा। जिला पंचायत राज अधिकारी (डीपीआरओ) उपेंद्र कुमार पांडेय ने बताया कि जिले में ‘सभासार’ पोर्टल का उपयोग 15 अगस्त को आयोजित कार्यक्रमों से शुरू कर दिया गया है। ग्रामसभा की बैठकों में ग्रामीणों की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए बैठक की सूचना समय पर पंचायत भवन और नोटिस बोर्ड पर प्रदर्शित की जाएगी। इसके अतिरिक्त, गांव में मुनादी कराकर भी ग्रामीणों को बैठक की जानकारी दी जाएगी। इस नई व्यवस्था से ग्रामसभा की बैठकों की कार्यवाही में पारदर्शिता बढ़ेगी और महत्वपूर्ण निर्णयों तथा चर्चाओं का डिजिटल रिकॉर्ड सुरक्षित रखा जा सकेगा।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *