वाराणसी, प्रयागराज, कानपुर, मेरठकुछ ही क्षण पहले
- कॉपी लिंक

प्रयागराज में गंगा और यमुना का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है।
यूपी में मानसून एक बार फिर एक्टिव है। सोमवार तड़के 5 बजे से लखनऊ में तेज हवा के साथ जोरदार बारिश हो रही है। दिन में अंधेरा छाया हुआ है। मौसम विभाग ने आज प्रदेश के सभी 75 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है, इनमें 46 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी है।
वहीं, रविवार की बात करें तो सुबह से लखनऊ, रायबरेली, कानपुर, वाराणसी, बरेली समेत 25 शहरों में रुक-रुक कर बारिश हुई। गोरखपुर समेत 20 से ज्यादा शहरों में बादल छाए रहे।
रायबरेली में बारिश के बाद सरकारी अस्पताल परिसर में पानी भर गया। मरीजों और तीमारदारों को घुटनों तक भरे पानी के बीच से होकर अस्पताल पहुंचना पड़ा। फर्रुखाबाद में नेकपुर पुल के पास करीब 150 मीटर कासगंज-कानपुर रेलवे ट्रैक पानी में डूब गया।
इधर, प्रदेश में गंगा, यमुना समेत 11 नदियां उफान पर हैं। चित्रकूट में मंदाकिनी और बरदहा नदी का जलस्तर भी बढ़ने लगा है। रामघाट की सीढ़ियां डूब गई हैं। मानिकपुर में यूपी-एमपी को जोड़ने वाला छोटा पुल (रपटा) पिछले 36 घंटों से जलमग्न है।
उन्नाव में गंगा का पानी घरों में घुस गया। लोग छतों पर रहने को मजबूर हैं। गलियों में नावें चल रही हैं। वाराणसी में घाट किनारे बने 100 से अधिक छोटे मंदिर डूब गए हैं। हरिश्चंद्र घाट का शवदाह स्थल भी जलमग्न हो गया है।
बारिश और बाढ़ की तस्वीरें देखिए…

रायबरेली के सरकारी अस्पताल के जच्चा-बच्चा वार्ड में पानी भर गया। मरीजों और तीमारदारों को घुटनों तक पानी से होकर गुजरना पड़ा।

लखनऊ की पॉश इलाके जानकीपुरम में बारिश के बाद भारी जलभराव हो गया। पानी घरों के बेडरूम और किचन तक में घुस गया।

चित्रकूट में यूपी को एमपी से जोड़ने वाला छोटा पुल जलमग्न हो गया।

चित्रकूट में मंदाकिनी नदी उफान पर हैं। घाटों के ऊपर दुकानों तक पानी पहुंच गया है। आरोग्यधाम पुल के ऊपर से नदी का पानी बह रहा है।

जालौन में प्राचीन भूतेश्वर महादेव मंदिर में बारिश का पानी भर गया। घुटनों तक पानी में पुजारी और श्रद्धालुओं ने भगवान शिव की आरती की।
लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार-
उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र झारखंड और उत्तरी छत्तीसगढ़ के ऊपर से गुजर रहा है। जैसे-जैसे यह आगे बढ़ रहा है, कमजोर पड़ता जा रहा है। हालांकि, इसके प्रभाव से उत्तर भारत में मानसून एक बार फिर मजबूत होता जाएगा। इसका असर उत्तर प्रदेश में भी देखने को मिल रहा है। अच्छी बारिश हो रही है। अगले 3 दिन मौसम ऐसा ही रहेगा।




यूपी में मौसम के पल-पल के अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…
लाइव अपडेट्स
अभी
- कॉपी लिंक
लखनऊ में सुबह 5 बजे से तेज बारिश हो रही
लखनऊ में सोमवार तड़के 5 बजे से बारिश हो रही है। इस दौरान तेज हवाएं भी चल रही हैं। सुबह के समय काले बादल छाए हुए हैं। दिन में अधिकतर समय बादल छाए रहेंगे। बारिश की संभावना बनी रहेगी।
5 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
चित्रकूट में रपटा पिछले 36 घंटे से जलमग्न, एमपी से संपर्क टूटा
चित्रकूट के मानिकपुर तहसील क्षेत्र में बरदहा नदी में आई बाढ़ के कारण चमरौहा गांव के पास बना रपटा पिछले 36 घंटे से जलमग्न है। इससे उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के बीच संपर्क मार्ग बाधित हो गया है। आधा दर्जन से अधिक गांवों के लोग फंसे हुए हैं। स्कूली बच्चों, मरीजों और अन्य राहगीरों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बीते दिन स्कूल गए कई बच्चे पानी बढ़ने के कारण रास्ते में फंस गए थे, जिन्हें घर पहुंचने के लिए वैकल्पिक मार्गों का सहारा लेना पड़ा।

5 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
चित्रकूट में मंदाकिनी नदी उफान पर, प्रशासन अलर्ट; 3 VIDEO देखिए
9 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
फर्रुखाबाद के 62 गांव बाढ़ की चपेट में, नाव-मोटरबोट लगाई गईं

फर्रुखाबाद जिले में बाढ़ का प्रकोप जारी है। 62 गांव बाढ़ की चपेट में हैं। गंगा नदी खतरे के निशान से 15 सेंटीमीटर नीचे बह रही है, जिससे स्थिति गंभीर बनी हुई है। गंगा का जलस्तर वर्तमान में 136.95 मीटर दर्ज किया गया है, जबकि खतरे का निशान 137.10 मीटर पर है। जनपद की तीनों तहसीलें बाढ़ से प्रभावित हैं। सदर तहसील क्षेत्र के 12 गांव, कायमगंज के 20 गांव और अमृतपुर तहसील क्षेत्र के 30 गांव बाढ़ की चपेट में हैं। कई गांवों में आवागमन के लिए नाव-मोटरबोट का सहारा लिया जा रहा है।
9 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
यूपी में पिछले 10 साल में मानसून कब आया, ग्राफिक्स में देखिए

