सहारनपुर में 17 अगस्त से अग्निवीर भर्ती रैली:13 जिलों के 25,920 अभ्यर्थी होंगे शामिल, पहले दिन हापुड़ के युवाओं की दौड़; 89 हजार ने दी थी CEE परीक्षा


भारतीय सेना में अग्निवीर बनने का सपना देख रहे युवाओं के लिए सोमवार से सहारनपुर में भर्ती रैली शुरू होगी। डॉ. भीमराव आंबेडकर स्पोर्ट्स स्टेडियम में 17 अगस्त से 4 सितंबर 2026 तक अग्निवीर भर्ती रैली आयोजित की जाएगी। यह उत्तर प्रदेश में वर्ष 2027 की भर्ती के लिए आयोजित होने वाली अग्निवीर रैलियों की सीरीज की पहली रैली है। इसमें आर्मी रिक्रूटिंग ऑफिस (ARO) मेरठ के अंतर्गत आने वाले 13 जिलों के CEE पास अभ्यर्थी शामिल होंगे। करीब 89 हजार युवाओं ने ऑनलाइन कॉमन एंट्रेंस एग्जामिनेशन (CEE) दिया था। इनमें से 25,920 अभ्यर्थी सफल हुए हैं। इन्हीं अभ्यर्थियों को भर्ती रैली के लिए बुलाया गया है। CEE परीक्षा 1 से 15 जून 2026 के बीच आयोजित हुई थी। अभ्यर्थियों को एडमिट कार्ड में दिए गए निर्धारित दिन और समय पर ही भर्ती स्थल पर पहुंचना होगा। 13 जिलों के युवा होंगे शामिल रैली में अमरोहा, बागपत, बिजनौर, बुलंदशहर, गौतमबुद्धनगर, गाजियाबाद, हापुड़, मेरठ, मुरादाबाद, मुजफ्फरनगर, रामपुर, सहारनपुर और शामली के अभ्यर्थी शामिल होंगे। इसमें अग्निवीर जनरल ड्यूटी (GD), अग्निवीर टेक्निकल और अग्निवीर ट्रेड्समैन के अभ्यर्थी भाग लेंगे। एक राउंड में करीब 100 युवा देंगे दौड़ भर्ती प्रक्रिया की शुरुआत दौड़ से होगी। एक राउंड में करीब 100 अभ्यर्थियों को शामिल किया जाएगा। दौड़ के बाद बायोमेट्रिक प्रक्रिया, फिजिकल फिटनेस जांच और दस्तावेजों का सत्यापन किया जाएगा। इसके बाद निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार मेडिकल के लिए अभ्यर्थियों को बुलाया जाएगा। अभ्यर्थियों को एडमिट कार्ड में बताए गए सभी मूल दस्तावेज साथ लाने होंगे। सेना ने स्पष्ट किया है कि भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और मेरिट के आधार पर होगी। क्लर्क/स्टोर कीपर की भर्ती रुड़की में अग्निवीर क्लर्क/स्टोर कीपर टेक्निकल के अभ्यर्थियों की भर्ती सहारनपुर में नहीं होगी। इनकी रैली BEG एवं सेंटर, रुड़की में 7 और 8 अक्टूबर 2026 को आयोजित की जाएगी। 7 अक्टूबर को बागपत, बिजनौर, बुलंदशहर, गाजियाबाद, हापुड़, मेरठ, मुरादाबाद और मुजफ्फरनगर के अभ्यर्थी तथा 8 अक्टूबर को गौतमबुद्धनगर, अमरोहा, रामपुर, सहारनपुर और शामली के अभ्यर्थी शामिल होंगे। पहले दिन हापुड़ के युवाओं की दौड़ 17 अगस्त: हापुड़ की गढ़मुक्तेश्वर, धौलाना और हापुड़ तहसील के अग्निवीर GD अभ्यर्थी। 18 अगस्त: बागपत की बड़ौत और खेकड़ा तहसील। 19 अगस्त: बागपत तहसील तथा बिजनौर की नगीना और चांदपुर तहसील। 20 अगस्त: बिजनौर की नजीबाबाद, बिजनौर और धामपुर तहसील। 21 अगस्त: मुरादाबाद की ठाकुरद्वारा, कांठ और मुरादाबाद तहसील। 22 अगस्त: मुरादाबाद की बिलारी तहसील। 23 अगस्त: अमरोहा की अमरोहा, हसनपुर, नौगावां सादात व धनौरा तहसील तथा रामपुर की स्वार, टांडा, बिलासपुर, रामपुर, शाहबाद और मिलक तहसील। 24 से 27 अगस्त: बुलंदशहर की अलग-अलग तहसीलों के अभ्यर्थियों के साथ गाजियाबाद के अभ्यर्थियों की भर्ती होगी। 28 अगस्त: मुजफ्फरनगर की मुजफ्फरनगर, बुढ़ाना और खतौली तहसील। 29 अगस्त: मुजफ्फरनगर की जानसठ तथा शामली की कैराना, शामली और ऊन तहसील। 30 अगस्त: गौतमबुद्धनगर की दादरी, गौतमबुद्धनगर व जेवर तथा मेरठ तहसील के अभ्यर्थी। 31 अगस्त: मेरठ की सरधना और मवाना तहसील। 1 सितंबर: सहारनपुर की बेहट, सहारनपुर, नकुड़, देवबंद और रामपुर मनिहारान तहसील के अग्निवीर GD अभ्यर्थी दौड़ में शामिल होंगे। 2 सितंबर को ट्रेड्समैन, 3-4 सितंबर को टेक्निकल 2 सितंबर को सभी 13 जिलों के अग्निवीर ट्रेड्समैन (8वीं व 10वीं पास) अभ्यर्थियों की भर्ती होगी। 3 सितंबर को अमरोहा, बागपत, गौतमबुद्धनगर, गाजियाबाद, बिजनौर, हापुड़, बुलंदशहर और मेरठ के अग्निवीर टेक्निकल अभ्यर्थी शामिल होंगे। 4 सितंबर को मुरादाबाद, मुजफ्फरनगर, रामपुर, सहारनपुर और शामली के टेक्निकल अभ्यर्थियों की भर्ती होगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *