वंदे-मातरम के कथित अपमान पर मेरठ में भाजयुमो का प्रदर्शन:कांग्रेस कार्यालय के बाहर बजाया राष्ट्रगीत, महानगर अध्यक्ष बोले-देश के लिए सड़क पर उतरेंगे युवा


कांग्रेस के कार्यक्रम में वंदे मातरम रोके जाने के कथित मामले को लेकर रविवार को मेरठ में भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। भारतीय जनता युवा मोर्चा के महानगर अध्यक्ष अंकुश कुशवाहा के नेतृत्व में कार्यकर्ता कांग्रेस कार्यालय के बाहर पहुंचे और जमकर नारेबाजी की। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने ‘वंदे मातरम का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान’ और ‘भारत माता की जय’ के नारे लगाए। कांग्रेस कार्यालय के बाहर वंदे मातरम भी बजाया गया। भारतीय जनता युवा मोर्चा के महानगर अध्यक्ष अंकुश कुशवाहा के नेतृत्व में कार्यकर्ता कांग्रेस कार्यालय के बाहर एकत्र हुए। उन्होंने कहा कि यह केवल राजनीतिक विरोध का विषय नहीं है, बल्कि देश की भावना और सम्मान से जुड़ा मामला है। उन्होंने कहा कि जब भी देश की अखंडता, संप्रभुता और सम्मान के खिलाफ कोई ताकत या व्यक्ति ऐसा कदम उठाएगा, जिससे देश का अपमान होता हो, युवा सड़क पर उतरकर उसका विरोध करेंगे। ‘वंदे मातरम देश की आत्मा से जुड़ा’ अंकुश कुशवाहा ने कहा कि वंदे मातरम उनके और करोड़ों देशवासियों के हृदय के करीब है। यह राष्ट्र की भावना, देश की अखंडता और संप्रभुता से जुड़ा राष्ट्रगीत है। उन्होंने कहा कि 15 अगस्त के दिन कांग्रेस के राष्ट्रीय कार्यालय पर ध्वजारोहण कार्यक्रम के दौरान वंदे मातरम बजाए जाने के दौरान जिस तरह से इसे रुकवाने का कथित प्रयास किया गया, उससे कांग्रेस की मानसिकता पर सवाल खड़े होते हैं। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी और राहुल गांधी भी मौजूद थे। उनके अनुसार, वंदे मातरम को रोके जाने का कथित इशारा किए जाने के बावजूद इसे जारी रहने देने का प्रयास नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि वहां मौजूद कर्मचारी द्वारा भी वंदे मातरम बजने की ओर इशारा किया गया, लेकिन इसके बावजूद इसे रोकने का प्रयास किया गया। ‘युवा देश के सम्मान के लिए सड़क पर उतरेंगे’ भाजयुमो महानगर अध्यक्ष ने कहा कि इसी घटना के विरोध में उत्तर प्रदेश ही नहीं, बल्कि देशभर में कांग्रेस कार्यालयों के बाहर युवा प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह विरोध किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि देश के सम्मान और राष्ट्रभावना से जुड़े विषय को लेकर है। युवा शक्ति देश की अखंडता, संप्रभुता और सम्मान की रक्षा के लिए हमेशा आगे रहेगी। उन्होंने कहा कि देश के क्रांतिकारियों ने वंदे मातरम और तिरंगे की शान के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया था। आज का युवा भी देश के सम्मान के लिए पीछे नहीं हटेगा। उन्होंने कहा कि राष्ट्र के सम्मान की बात आने पर युवा अपनी आवाज बुलंद करता रहेगा। प्रदर्शन के दौरान भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कांग्रेस कार्यालय के बाहर वंदे मातरम बजाकर कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया। इस दौरान बड़ी संख्या में भाजयुमो कार्यकर्ता मौजूद रहे और उन्होंने कथित घटना के विरोध में अपना आक्रोश जताया।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *