![]()
फर्रुखाबाद के शमशाबाद कस्बे में रविवार देर शाम गंगा रोड स्थित लक्ष्मी डेयरी के सामने दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में एक बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। उसका साथी मामूली रूप से घायल हुआ। हादसे के बाद दूसरी बाइक पर सवार लोग मौके से फरार हो गए। मृतक की पहचान मोहल्ला दलमीर खां निवासी संजू उर्फ जोगेंद्र सिंह राजपूत (50) के रूप में हुई है। बताया गया कि जोगेंद्र अपने मित्र ननकू के साथ बाइक से ढाईघाट से घर लौट रहे थे। रविवार रात करीब साढ़े आठ बजे लक्ष्मी डेयरी के सामने पहुंचते ही सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक से उनकी बाइक की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि जोगेंद्र सिंह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। बाइक पर पीछे बैठे ननकू को मामूली चोटें आईं। हादसे के बाद दूसरी बाइक सवार अपनी बाइक लेकर मौके से फरार हो गए। सूचना पर शमशाबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल जोगेंद्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शमशाबाद पहुंचाया। वहां ड्यूटी पर तैनात डॉ. दीपक कुमार ने प्राथमिक इलाज के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल, फर्रुखाबाद रेफर कर दिया। लोहिया अस्पताल की इमरजेंसी में चिकित्सकों ने जोगेंद्र सिंह को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवाकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष सचिन चौधरी ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची थी। घायल को सीएचसी के बाद लोहिया अस्पताल भेजा गया, जहां उसकी मौत हो गई। पुलिस हादसे की जांच कर रही है और फरार बाइक सवारों की जानकारी जुटाई जा रही है।
Source link
फर्रुखाबाद में दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत, युवक की मौत:साथी घायल, दूसरा बाइक सवार फरार; घर लौटते समय हुआ हादसा