![]()
कस्बे के मोहल्ला खेवान में बढ़ती नशाखोरी को लेकर रविवार को बच्चे, युवा और महिलाएं सड़क पर उतर आए। गुरु रविदास नवयुवक संघ के नेतृत्व में लोगों ने नशे के खिलाफ प्रदर्शन किया। हाथों में पोस्टर और बैनर लेकर नारेबाजी करते हुए सभी थाने पहुंचे और पुलिस से नशीले पदार्थों की बिक्री पर प्रभावी रोक लगाने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान बच्चों के हाथों में ‘हमारा भविष्य बचाइए’ और ‘नशे पर रोक लगाइए’ जैसे संदेश लिखे पोस्टर थे। बच्चों ने कहा कि नशे के बढ़ते कारोबार से उनके आसपास का माहौल प्रभावित हो रहा है और इससे युवाओं का भविष्य खतरे में पड़ रहा है। प्रदर्शनकारियों ने लोगों से भी नशे से दूर रहने की अपील की। शिकायत के बाद भी कार्रवाई न होने का आरोप प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि मोहल्ले में लंबे समय से नशीले पदार्थों की बिक्री हो रही है। इस संबंध में कई बार शिकायत की गई, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ। उन्होंने पुलिस से नशे का कारोबार करने वालों को चिह्नित कर सख्त कार्रवाई करने की मांग की। थाने पहुंचकर प्रदर्शनकारियों ने प्रभारी निरीक्षक दिनेश प्रताप सिंह को शिकायती पत्र सौंपा। उन्होंने मामले की जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया। कस्बा चौकी प्रभारी राहुल कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर पुलिस ने दबिश दी थी, लेकिन मौके से कोई साक्ष्य नहीं मिला। पुलिस लगातार नशे के खिलाफ अभियान चला रही है। साक्ष्य मिलने पर संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रदर्शन में रजनीश, अमित, मोहित, मोनू, सोनू, रोहन और रामपाल सहित बच्चे, युवा व महिलाएं शामिल रहे।
Source link
नशे के खिलाफ सड़क पर उतरे बच्चे और युवा:खेवान में हाथों में पोस्टर लेकर थाने पहुंचे, नशे के कारोबार पर रोक लगाने की मांग