दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे हादसे में दरोगा समेत तीन की मौत:घायल शिकायतकर्ता और बेटे ने इलाज के दौरान दम तोड़ा


गाजियाबाद। दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर 13 अगस्त की तड़के हुए सड़क हादसे में अलीगढ़ पुलिस के उपनिरीक्षक (एसआई) उपेंद्र सहित तीन लोगों की मौत हो गई है। हादसे में घायल शिकायतकर्ता सत्येंद्र और उनके बेटे आशु ने भी इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। आशु की मौत शनिवार देर रात दिल्ली के जीटीबी अस्पताल में हुई, जबकि उनके पिता सत्येंद्र ने रविवार को उसी अस्पताल में अंतिम सांस ली। यह दुर्घटना 13 अगस्त की सुबह करीब पांच बजे कोतवाली क्षेत्र में बीकानेर बिल्डिंग के सामने हुई थी। एसीपी कोतवाली उपासना पांडेय ने बताया कि दिल्ली से मेरठ की ओर जा रही एक स्विफ्ट कार आगे चल रहे टैंकर से टकरा गई थी। कार में अलीगढ़ पुलिस के थाना मडराक में तैनात उपनिरीक्षक उपेंद्र, हेड कांस्टेबल नरेंद्र, रिक्रूट कांस्टेबल ऋतिक, शिकायतकर्ता सत्येंद्र, उनके बेटे आशु और चालक रोशन समेत कुल छह लोग सवार थे। पुलिस के अनुसार, आशु कुछ समय पहले घर से नाराज होकर चला गया था। उसे वापस घर लाने के लिए उसके पिता सत्येंद्र पुलिसकर्मियों के साथ गए थे। आशु को बरामद करने के बाद सभी लोग कार से वापस लौट रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। दुर्घटना में कार सवार सभी छह लोग घायल हो गए थे। सूचना मिलने पर पुलिस ने सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। उपचार के दौरान उपनिरीक्षक उपेंद्र की उसी दिन मौत हो गई थी। उपेंद्र थाना मडराक में तैनात थे और दो महीने बाद सेवानिवृत्त होने वाले थे। पुलिस ने उनके शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद पार्थिव शरीर को गाजियाबाद पुलिस लाइन पहुंचाया, जहां अधिकारियों और कर्मचारियों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। गंभीर रूप से घायल सत्येंद्र और उनके बेटे आशु का दिल्ली के जीटीबी अस्पताल में इलाज चल रहा था। शनिवार देर रात आशु की उपचार के दौरान मौत हो गई। इसके बाद रविवार को उनके पिता सत्येंद्र ने भी दम तोड़ दिया। इस तरह, इस हादसे में पिता-पुत्र सहित तीन लोगों की जान जा चुकी है। वहीं, हादसे में घायल अन्य लोगों का उपचार जारी है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *