मेरठ में पुलिस मुठभेड़ में 2 बदमाश घायल:आम के बाग से 3 साथी फरार, हथियार और गाय बरामद


मेरठ के जानी थाना क्षेत्र में गोकशी की तैयारी कर रहे बदमाशों और पुलिस के बीच शनिवार देर रात मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो आरोपी गोली लगने से घायल हो गए, जिन्हें गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस दौरान तीन अन्य बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। पुलिस के अनुसार, 15 अगस्त की रात प्रभारी निरीक्षक गौरव कुमार विश्नोई अपनी टीम के साथ क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि रसूलपुर धौलड़ी-रघुनाथपुर मार्ग पर महपा मोड़ के पास एक आम के बाग में कुछ लोग गोकशी की फिराक में हैं। उनके पास अवैध हथियार और पशु काटने के उपकरण भी मौजूद हैं। सूचना मिलते ही जानी थाना पुलिस और स्वाट टीम ग्रामीण ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस टीम को देखते ही आरोपियों ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें आतिफ उर्फ मोटा और सुहेब उर्फ शोएब उर्फ राजा के पैर में गोली लगी। दोनों को रात करीब 12:20 बजे गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने मौके से दो जिंदा गाय, दो अवैध तमंचे, गोकशी के उपकरण, 5200 रुपये नकद और एक सफेद रंग की होंडा अमेज कार बरामद की है। पुलिस के मुताबिक, मुठभेड़ के दौरान गुड्डु उर्फ फैसल, समीर और मौहम्मद मौके से फरार होने में सफल रहे। गिरफ्तार आरोपी आतिफ के खिलाफ पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं। पूछताछ में उसने जानी क्षेत्र के सिवालखास से भैंसा चोरी की एक घटना में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। इस मुठभेड़ और बरामदगी के संबंध में जानी थाने में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *