मेरठ में महिला डॉक्टर का शव क्लीनिक में मिला:पति से विवाद के बाद मायके में रह रही थी, पुलिस की जांच जारी


मेरठ के पल्लवपुरम थाना क्षेत्र में 26 वर्षीय महिला चिकित्सक का शव उसके क्लीनिक के कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला है। परिजनों ने महिला के हाथ बंधे होने का आरोप लगाते हुए मौत पर सवाल उठाए हैं। सूचना मिलने पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच की। पुलिस ने क्लीनिक के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी अपने कब्जे में ले ली है। मृतका की पहचान खुशहाली (26) के रूप में हुई है। वह पल्लवपुरम फेस-2 की सर्विस रोड स्थित आयुर्वेदा एंड नेचुरल सेंटर में पिछले करीब चार महीने से क्लीनिक चला रही थी। रविवार सुबह लगभग 6:15 बजे खुशहाली अपने घर से क्लीनिक के लिए निकली थी। कुछ देर बाद क्लीनिक के कर्मचारियों ने कमरे में उसका शव देखा और तुरंत परिजनों को सूचित किया। इसके बाद मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को घटना की जानकारी दी। परिजनों के अनुसार, खुशहाली की शादी 14 जनवरी 2026 को टीपीनगर क्षेत्र निवासी मयंक चौधरी से हुई थी। शादी के कुछ समय बाद ही पति-पत्नी के बीच विवाद शुरू हो गया था। इसी वजह से खुशहाली कुछ समय से अपने मायके में रह रही थी। उसके पति का परिवार टीपीनगर क्षेत्र में रहता है। मृतका के पिता बीएसएफ में दरोगा हैं और वर्तमान में दिल्ली में तैनात हैं। मृतका के तहेरे भाई अखिल ने आरोप लगाया है कि खुशहाली के दोनों हाथ बंधे हुए थे। हालांकि, पुलिस का कहना है कि मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही स्पष्ट होगी। पुलिस क्लीनिक के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि यह पता चल सके कि खुशहाली के क्लीनिक पहुंचने के बाद वहां कौन-कौन आया था और घटनाक्रम कैसे हुआ। पुलिस परिजनों और क्लीनिक से जुड़े लोगों से भी पूछताछ कर रही है। पुलिस फिलहाल हत्या और आत्महत्या सहित सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *