बिना सूचना, अचानक बंद कर दिया रास्ता:1.5 किलोमीटर जाने के बाद लौटने को मजबूर हो रहे लोग


पीडब्ल्यूडी की ओर से कराए जा रहे कार्यों पर उनके ही इंजीनियरों की नजर नहीं होती। ठेकेदार जब जो रास्ता चाहते हैं, बंद करते हैं और जनता परेशान होती है। हाल ही में पैडलेगंज से रुस्तमपुर की ओर जाने वाली सर्विस रोड को बिना किसी सूचना के बंद कर दिया गया। रोज सैकड़ों लोग घर जाने के लिए इस रास्ते पर पहुंच रहे हैं और फिर मजबूरी में बैरिकेडिंग के पास से मुड़कर वापस जाकर रास्ता तलाश रहे हैं। लगभग 1.5 किलोमीटर जाकर उन्हें लौटने को मजबूर होना पड़ रहा है। पीडब्ल्यूडी की ओर से रास्ता बंद करने को लेकर पैडलेगंज से सिक्सलेन फ्लाईओवर तक कोई चेतावनी बोर्ड नहीं लगाया गया है। सिक्सलेन फ्लाईओवर शुरू होने के बाद ठेकेदार द्वारा उसके बगल से रुस्तमपुर की ओर जाने वाली सर्विस लेन के बगल में नाला बनाया जा रहा है। हालांकि नाले के नाम पर ही यहां से तारामंडल की ओर मुड़ने वाली सड़क को कई दिनों तक बंद रखा गया था। अब उसी नाले के लिए पूरी सड़क को बंद कर दिया गया है। सुरक्षा की दृष्टि से सड़क को बंद करना जरूरी हो सकता है लेकिन इसका भी एक प्रोटोकाल होता है। कार्यदायी संस्था को शुरूआत में ही उसकी जानकारी दी जानी चाहिए लेकिन ऐसा नहीं किया गया। ऐसी ही गलती पर सस्पेंड हो चुका है जेई ऐसी गलतियां तो अक्सर देखने को मिलती हैं लेकिन एक बार इसी नौसढ़ मार्ग पर भयंकर जाम लग गया और प्रशासनिक व पुलिस के अधिकारियों के हाथ-पांव फूल गए। वहां भी अचानक गड्‌ढा खोद दिया गया था और इसकी सूचना पुलिस को भी नहीं दी गई थी। बाद में पुलिस ने इसकी रिपोर्ट शासन को भेजी थी। जिसके बाद संबंधित जेई को सस्पेंड कर दिया गया था। लेकिन उसके बाद भी कोई सुधार नहीं किया गया। वैकल्पिक रास्ता भी नहीं बताया पीडब्ल्यूडी की ओर से इस सड़क को बंद करने की सूचना तो नहीं ही दी गई, इसका वैकल्पिक मार्ग भी लोगों को नहीं सुझाया गया। किस रास्ते का उपयोग कर वे अपने गंतव्य तक जा सकते हैं, इसे नहीं बताया गया। कई लोग दूसरे जिलों से भी तारामंडल क्षेत्र के अस्पतालों में इलाज के लिए आते हैं। वे हमेशा इसी रास्ते का इस्तेमाल करते हैं। जब यह रास्ता उन्हें बंद नजर आ रहा है तो वे निराश होकर वहां खड़े हो जा रहे हैं और तारामंडल जाने का रास्ता पूछने लग रहे हैं। जानिए क्या कहते हैं लोग कैलाश ने कहा कि यहां रास्ता बंद कर दिया गया है। इसकी कोई सूचना नहीं दी गई। कम से कम पैडलेगंज से ही इसकी सूचना देनी चाहिए और विकल्प भी बताना चाहिए कि कौन कहां से जाएगा। महराजगंज जिले के रहने वाले एक दंपति तारामंडल क्षेत्र के एक अस्पताल में इलाज कराने जा रहे थे। सर्विस रोड के पास पहुंचते ही उन्हें रास्ता बंद दिखा। वह कैमरे पर बात करने को तैयार नहीं हुए लेकिन उन्होंने कहा कि हमें समझ नहीं आ रहा कि अब कैसे वहां तक पहुंचेंगे। यदि पहले ही कहीं बोर्ड लगा होता तो हम दूसरा रास्ता पकड़ सकते थे। ऐसे ही रोज सैकड़ों लोग यहां से लौट रहे हैं। उन्हें उसी सड़क पर रांग साइड जाकर रास्ते का विकल्प तलाशना पड़ रहा है। जानिए वैकल्पिक रास्ता लेकिन सावधान भी रहना होगा यदि आपको तारामंडल क्षेत्र में जाना है तो आप सिक्सलेन फ्लाईओवर पर चढ़ जाइए। लगभग 200 मीटर जाने पर बायीं ओर कट दिखेगा, उसी से देवरिया बाईपास पर उतर जाइए। बायीं ओर तारामंडल क्षेत्र में जाने का रास्ता मिलेगा। इसी तरह रुस्तमपुर की ओर जाना है तो देवरिया बाईपास पर उतरने के बाद लगभग 200 मीटर दूर बने कट से यू टर्न लेकर वापस देवरिया बाईपास तिराहे पर आकर जाना होगा।
लेकिन, फ्लाईओवर पर चढ़ते समय एक सावधानी भी बरतनी होगी। यदि आप बायीं ओर मुड़ना भूल गए तो आपको यू टर्न के लिए अगला कट नौसढ़ में मिलेगा। वहां तक आपको जाना पड़ेगा। इसलिए फ्लाईओवर पर बने कट का ध्यान जरूर रखें।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *