![]()
पश्चिम बंगाल के कूचबिहार जिले में राज्य पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने पाकिस्तान की इंटर-सर्विसेज इंटेलिजेंस (ISI) से जुड़े जासूसी मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने शनिवार, 15 अगस्त को यह जानकारी दी। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राशिदुल हक, नूर नसीरुद्दीन अली और शफीकुल इस्लाम के रूप में हुई है। उन्हें स्वतंत्रता दिवस से पहले शुक्रवार देर शाम उत्तर बंगाल के दिनहाटा इलाके के साहेबगंज से पकड़ा गया। तीनों को शनिवार को कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने उन्हें 14 दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया। पाकिस्तान भेजते थे भारतीय सिम कार्ड जांच अधिकारियों के मुताबिक, तीनों भारत में ISI एजेंट के तौर पर अंडरकवर काम कर रहे थे। उन पर बांग्लादेश के रास्ते भारतीय मोबाइल सिम कार्ड पाकिस्तान भेजने का आरोप है। राज्य पुलिस STF के एक अधिकारी ने बताया कि यह समूह नकली नोट बनाने में भी शामिल था। बंगाल में आतंकी लिंक के शक में कई गिरफ्तारियां इन गिरफ्तारियों के बीच बंगाल पुलिस ने पिछले एक महीने में आतंकी संगठनों से जुड़े होने के शक में कई लोगों को पकड़ा है। 31 जुलाई को पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद (JeM) और शहजाद भट्टी गैंग से जुड़े संदिग्ध ऑपरेटिव हामिम मंडल को बर्धमान से गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद मंडल की गर्लफ्रेंड और सहयोगी अर्पिता सरकार को झारखंड के साहिबगंज से गिरफ्तार किया गया। उसके तीसरे सहयोगी आदित्य सिंह उर्फ राजू को हावड़ा से पकड़ा गया। अगले डेढ़ हफ्ते के भीतर राज्य में संदिग्ध आतंकी संबंधों के मामले में चार और लोगों को गिरफ्तार किया गया। पाकिस्तानी नागरिक पर जासूसी का शक इनमें पाकिस्तानी नागरिक राणा रऊफ उर्फ वहाब आलम भी शामिल था। उसे बांग्लादेश सीमा के पास उत्तर 24 परगना जिले के हाबरा से जासूसी के शक में गिरफ्तार किया गया था। पुलिस के मुताबिक, रऊफ 2012 में नेपाल के रास्ते अवैध रूप से भारत आया था। उसने भारतीय वोटर कार्ड और आधार कार्ड समेत फर्जी दस्तावेजों का इस्तेमाल किया। रऊफ ने राज्य के अलग-अलग हिस्सों में रेकी की थी। वह कोलकाता की संवेदनशील जगहों पर नजर रखता था, इनमें रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण फोर्ट विलियम भी शामिल था। राज्य पुलिस और कोलकाता पुलिस की पूछताछ के बाद अब NIA भी रऊफ से पूछताछ करेगी। रऊफ की नोटबुक अहम सबूत जांचकर्ताओं के मुताबिक, रऊफ की नोटबुक इस मामले में अहम सबूत मानी जा रही है। संदिग्ध पाकिस्तानी आतंकी से जुड़े लिंक की जांच के दौरान अधिकारियों को कई अहम जानकारियां मिलने का दावा है। STF सूत्रों के अनुसार, रऊफ से पूछताछ के बाद जांचकर्ताओं ने ISI से कथित रूप से जुड़े पांच लोगों की पहचान की है। हालांकि, यह तुरंत साफ नहीं हो सका कि कूचबिहार में हुई गिरफ्तारियां रऊफ से मिले लिंक के आधार पर की गई थीं या नहीं।
Source link
बंगाल के कूचबिहार से 3 संदिग्ध ISI एजेंट गिरफ्तार:भारतीय सिम कार्ड पाकिस्तान भेज रहे थे; नकली नोट भी बनाते थे