India-Nepal Border Security Alert | Siddharthnagar SSB High Alert

रोहित सिंह | सिद्धार्थनगर4 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर सिद्धार्थनगर की भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। करीब 68 किलोमीटर लंबी खुली अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं। सशस्त्र सीमा बल (SSB) के जवान सीमा के प्रमुख मार्गों के साथ संवेदनशील रास्तों और पगडंडियों पर भी लगातार निगरानी कर रहे हैं।

नेपाल से भारत आने वाले लोगों, वाहनों और सामान की जांच बढ़ा दी गई है। बढ़नी, खुनुवा, अलीगढ़वा और ककरहवा के अलावा बजहा, ठोठरी और कोटिया जैसे संवेदनशील रास्तों पर भी सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हैं।

अलीगढ़वा इंटरनेशनल बॉर्डर पर सुरक्षा व्यवस्था पहले से ज्यादा सख्त नजर आई। SSB जवान नेपाल से आने-जाने वाले लोगों की पहचान की जांच के साथ उनके सामान और वाहनों की भी बारीकी से पड़ताल कर रहे हैं। संदिग्ध गतिविधि मिलने पर पूछताछ और विस्तृत जांच की व्यवस्था है।

बढ़नी बॉर्डर पर भारत-नेपाल के बीच आवागमन और व्यापारिक गतिविधियों को देखते हुए विशेष निगरानी रखी जा रही है। खुनुवा बॉर्डर भी महत्वपूर्ण मार्ग है, जो भारत को नेपाल के तौलिहवा क्षेत्र से जोड़ता है। ककरहवा समेत सभी प्रमुख सीमा केंद्रों पर भी सुरक्षा कर्मियों की सक्रियता बढ़ाई गई है।

बजहा-ठोठरी-कोटिया के रास्तों पर भी नजर

मुख्य बॉर्डरों के अलावा बजहा, ठोठरी और कोटिया जैसे संवेदनशील रास्तों पर भी जवान गश्त कर रहे हैं। खुली सीमा होने के कारण गैरपरंपरागत रास्तों से होने वाली आवाजाही पर विशेष नजर रखी जा रही है। मुख्य मार्गों के साथ पगडंडियों और अन्य संभावित रास्तों की भी निगरानी की जा रही है। सीमा से लगे गांवों और संवेदनशील इलाकों में किसी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी जुटाई जा रही है।

CCTV और डॉग स्क्वायड से निगरानी

सीमा सुरक्षा को मजबूत करने के लिए जरूरत के अनुसार डॉग स्क्वायड की मदद ली जा रही है। संदिग्ध बैग, सामान और अन्य वस्तुओं की जांच कराई जा रही है। प्रमुख प्रवेश मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर CCTV कैमरों से निगरानी भी बढ़ाई गई है। ककरहवा बॉर्डर पर CCTV आधारित निगरानी व्यवस्था को मजबूत किया गया है। SSB के साथ स्थानीय पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां भी अपने स्तर से संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रख रही हैं।

पुलिस-खुफिया तंत्र सक्रिय, लोगों से सतर्क रहने की अपील

सीमा की सुरक्षा में SSB के अलावा सीमावर्ती थानों की पुलिस और खुफिया तंत्र भी सक्रिय है। नेपाल से भारत आने वाले लोगों की पहचान, वाहनों और सामान की जांच की जा रही है। संदिग्ध गतिविधि मिलने पर विभिन्न एजेंसियां आपसी समन्वय से कार्रवाई कर रही हैं।

शनिवार को अलीगढ़वा बॉर्डर पर दैनिक भास्कर की टीम की मौजूदगी में भी SSB जवान सीमा पर मुस्तैद नजर आए। सुरक्षा एजेंसियों ने सीमा क्षेत्र में रहने वाले लोगों से किसी अनजान व्यक्ति, लावारिस सामान, संदिग्ध वाहन या असामान्य गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *