अमेठी में शान से लहराया तिरंगा:कलेक्ट्रेट में डीएम ने किया ध्वजारोहण, स्कूली बच्चों ने प्रभात फेरी निकालकर दिया देशभक्ति का संदेश


अमेठी में शनिवार को स्वतंत्रता दिवस पूरे उत्साह और देशभक्ति के साथ मनाया गया। जिला मुख्यालय से लेकर तहसील, ब्लॉक, विद्यालयों और सरकारी कार्यालयों तक तिरंगा शान से लहराया। कलेक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी संजय चौहान ने ध्वजारोहण किया। इसके बाद राष्ट्रगान हुआ और अधिकारियों-कर्मचारियों ने देश की एकता, अखंडता व संप्रभुता की रक्षा का संकल्प लिया। ध्वजारोहण के बाद डीएम संजय चौहान ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों के त्याग और बलिदान से मिली आजादी को सुरक्षित रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से पूरी निष्ठा व ईमानदारी के साथ जनसेवा करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि देश की तरक्की के लिए सभी को अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन करना चाहिए। प्रभात फेरी में गूंजे देशभक्ति के गीत जिलेभर के विद्यालयों में भी स्वतंत्रता दिवस धूमधाम से मनाया गया। छात्र-छात्राओं ने प्रभात फेरी निकालकर लोगों को देशभक्ति का संदेश दिया। स्कूलों में गीत, नृत्य, नाटक और भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। कई विद्यालयों में विद्यार्थी स्वतंत्रता सेनानियों की वेशभूषा में नजर आए। बच्चों की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में उत्साह भर दिया। शहीदों को पुष्प अर्पित कर किया नमन विभिन्न सरकारी और सामाजिक संस्थानों में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों व शहीदों के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। लोगों ने उनके बलिदान को याद करते हुए देश की एकता, अखंडता और भाईचारे को मजबूत करने का संकल्प लिया। देशभक्ति के तरानों से गूंजा अमेठी पूरे जिले में दिनभर स्वतंत्रता दिवस का उत्साह नजर आया। जगह-जगह तिरंगा फहराया गया और देशभक्ति के गीत गूंजते रहे। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी ने राष्ट्रीय पर्व में भागीदारी की। लोगों ने स्वतंत्रता दिवस को गरिमापूर्ण तरीके से मनाते हुए शहीदों के बलिदान को याद किया।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *