चित्रकूट में 80वां स्वतंत्रता दिवस मनाया गया:जिला मुख्यालय से गांवों तक लहराया तिरंगा


चित्रकूट जिले में शनिवार को देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस धूमधाम से मनाया गया। जिला मुख्यालय से लेकर गांव-कस्बों तक हर ओर तिरंगा फहराया गया। सरकारी, गैर-सरकारी कार्यालयों, प्राथमिक, उच्च प्राथमिक और निजी विद्यालयों में भी ध्वजारोहण किया गया। जिला कलेक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी पुलकित गर्ग ने ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी। इस अवसर पर अधिकारियों और कर्मचारियों ने राष्ट्रगान के साथ देश के प्रति अपनी निष्ठा का संकल्प लिया। कलेक्ट्रेट परिसर में एडीएम चंद्रशेखर, एटीएम अरुण कुमार, एडीएम स्वप्निल यादव सहित कई अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। देखें तस्वीरें… इस मौके पर जिलाधिकारी पुलकित गर्ग ने कहा कि यह देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस है। उन्होंने स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद करते हुए कहा कि उनके त्याग के कारण ही आज हम स्वतंत्र भारत में हैं। डीएम ने लोगों से राष्ट्र की एकता, अखंडता और विकास में अपनी जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया। सदर विधायक अनिल प्रधान ने धनुष चौराहे के पास ध्वजारोहण किया और लोगों तथा कार्यकर्ताओं के बीच मिष्ठान वितरित किया। जिले के विभिन्न विद्यालयों में छात्र-छात्राओं ने हाथों में तिरंगा लेकर प्रभात फेरी निकाली। ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के नारों से गलियां गूंज उठीं। कई स्थानों पर सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। बच्चों ने देशभक्ति गीतों और प्रस्तुतियों के माध्यम से स्वतंत्रता सेनानियों को नमन किया। पूरे जिले में दिनभर देशभक्ति का माहौल बना रहा।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *