कानपुर में बाइक के कागज मांगने पर भाजपाइयों का हंगामा:चौकी इंचार्ज पर अभद्रता का आरोप, पुलिस मुर्दाबाद के नारे, मॉल रोड किया जाम


फीलखाना में चेकिंग के दौरान भाजपा कार्यकर्ता की बाइक के कागजात मांगने पर भाजपाइयों ने हंगामा कर दिया। कार्यकर्ताओं ने पटकापुर चौकी इंचार्ज पर अभद्रता करने का आरोप लगाते हुए पुलिस प्रशासन मुर्दाबाद के नारे लगाए और कार्रवाई करने की मांग करते हुए मॉल रोड जाम कर दिया, जिससे करीब एक किलोमीटर लंबा जाम लग गया। हंगामे की सूचना पर एसीपी कोतवाली समेत फीलखाना व कोतवाली थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और आक्रोशित लोगों को शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन कार्यकर्ता कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। करीब 2 घंटे तक चले हंगामें के बाद कार्रवाई के आश्वासन पर मामला शांत हुआ। पहले देखिए दो तस्वीरें… मैत्री मैच खेलने के लिए जा रहे थे भाजपा कार्यकर्ता भाजपा उत्तर के जिला उपाध्यक्ष नवाब सिंह ने बताया कि फूलबाग स्थित क्रिकेट बॉक्स में भाजपा की ओर से मैत्री क्रिकेट मैच का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें शामिल होने के लिए शुक्रवार दोपहर बिरहाना रोड निवासी भाजपा कार्यकर्ता रोहित जायसवाल अपनी बाइक से फूलबाग मैदान आ रहे थे। बताया कि इस दौरान पटकापुर चौकी प्रभारी प्रशांत ने उनकी बाइक रोक ली और हेलमेट न लगाने पर बाइक सीज करने की बात कही। आरोप है कि कार्यकर्ता रोहित ने बाइक के पूरे कागजात दिखाते हुए चालान करने की बात कही, लेकिन चौकी प्रभारी कार्यकर्ता से अभद्रता करते हुए बाइक सीज करने की बात पर अड़ गए। अभद्रता की जानकारी पर मैत्री मैच में शामिल होने वाले भाजपा उपाध्यक्ष नवाब सिंह, मंडल अध्यक्ष दीपक शुक्ला, योगेश पांडेय, पार्षद आदर्श गुप्ता, मोनू गुप्ता, अमित गुप्ता समेत सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी शुरू कर दी। कार्यकर्ताओं ने मॉलरोड जाम कर पुलिस प्रशासन मुर्दाबाद के नारे लगाए, जिससे करीब एक किलोमीटर लंबा जाम लग गया। हंगामे की सूचना पर फीलखाना और कोतवाली थाने की फोर्स पहुंची, उन्होंने कार्यकर्ताओं को समझाने का प्रयास किया, लेकिन कार्यकर्ता चौकी प्रभारी पर कार्रवाई की मांग को लेकर अड़े रहे। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुलिस के साथ अभद्रता भी की। जिसके बाद एसीपी कोतवाली अमित कुमार पांडेय मौके पर पहुंचे और कार्रवाई का आश्वासन देकर कार्यकर्ताओं को शांत कराया।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *