UP-T 20 लीग- इकाना में सिर्फ 1500 टिकट बिके:किसी भी टीम ने अनकैप्ड खिलाड़ियों की नहीं दी लिस्ट, 7-7 प्लेयर्स की डिटेल छिपाई


यूपी T-20 लीग का आज से इकाना में आगाज हो रहा है। लीग शुरू से पहले तक किसी भी टीम ने अनकैप्ड खिलाड़ियों के नामों की लिस्ट सार्वजनिक नहीं की गई। ये ऐसे प्लेयर्स हैं, जिन्हें फ्रेंजाइज को ट्रायल बेस पर सिलेक्ट करना था। वहीं, लखनऊ में इकाना स्टेडियम में टिकटों का दाम 49 रुपए रखा गया है, इसके बावजूद करीब डेढ़ हजार लोगों ने ही खरीदा है। इकाना स्टेडियम की क्षमता 50 हजार है। इस लिहाज से सिर्फ 3% टिकट बिके हैं। वहीं, सूत्र बताते हैं कि यूपी टी-20 लीग के ट्रायल में अच्छा प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को दरकिनार किया गया। उनकी जगह मनमाने तरीके से चयन किया गया। यही वजह है कि किसी भी टीम ने अपने 25 खिलाड़ियों की अंतिम सूची जारी नहीं की है। टीमों ने मिनी ऑक्शन के बाद 18-18 खिलाड़ियों की सूची तो दी थी, लेकिन प्रदेश स्तरीय ट्रायल के जरिये 7-7 खिलाड़ी और चुने गए। लेकिन, उनकी लिस्ट जारी नहीं की गई। UPCA का दावा- पारदर्शी ढंग से होगी लीग उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (UPCA) ने लीग को पारदर्शी ढंग से आयोजित करने का दावा किया है। ऐसे में टीमों की तरफ से अपने सभी 25 खिलाड़ियों की सूची न जारी किए जाने से सवाल खड़े हो रहे हैं। आरोप लग रहे हैं कि ट्रायल तो कराया गया, लेकिन चयन मनमाना ही किया गया। लीग की गवर्निंग काउंसिल ने हर टीम को 7-7 खिलाड़ी चुनने की छूट दी थी। इन्हें ट्रायल सेशन कराकर चुना जाना था। ट्रायल कराया गया, लेकिन टीमों से जुड़े इन नए खिलाड़ियों की सूची जारी नहीं की गई। इस मसले पर यूपी T-20 लीग के चेयरमैन डॉक्टर संजय कपूर का कहना है कि जल्द ही लिस्ट सार्वजनिक की जाएगी। टिकटों की सेल पर कहा कि हम यूपी की सबसे बड़ी लीग आयोजित कर रहे हैं। उद्घाटन सत्र में करीब 30 हजार दर्शक इकाना स्टेडियम पहुंचेंगे। स्टेडियम भरने के लिए स्कूलों के बच्चों को बुलाया गया इकाना स्टेडियम में यूपी टी-20 लीग का आगाज मशहूर सिंगर्स जैस्मीन सैंडलस और शंकर महादेवन के कॉन्सर्ट से होगा। इसके बावजूद स्टेडियम में टिकट खिड़की पर सन्नाटा पसरा है। अब खाली सीटों की भरने के लिए आयोजकों ने स्कूल, कॉलेज के स्टूडेंट्स को बुलाने का फैसला किया है। इससे स्टेडियम को कम से कम आधा भरा दिखाया जा सके। लीग का पूरा शेड्यूल- पहला चरण (14 से 26 अगस्त) : लखनऊ के इकाना स्टेडियम में मुकाबले। दूसरा चरण व फाइनल (28 अगस्त से 6 सितंबर) : कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में प्लेऑफ और फाइनल। प्रसारण : भारत में स्टार स्पोर्ट्स-2 पर लाइव प्रसारण और दुनियाभर के 150 देशों में ब्रॉडकास्ट। जैस्मीन सैंडलस और शंकर महादेवन देंगे परफॉर्मेंस यूपी T-20 लीग के चौथे संस्करण का भव्य उद्घाटन 14 अगस्त की शाम 6 बजे होगा। सीएम योगी के उद्घाटन करने के बाद मशहूर गायक शंकर महादेवन, प्रसिद्ध गायिका जैस्मीन सैंडलस के साथ सिद्धार्थ महादेवन और शिवम महादेवन परफॉर्मेंस देंगे। रंगारंग प्रोग्राम के बाद लीग का पहला मैच काशी रुद्रास और मेरठ मावरिक्स के बीच खेला जाएगा। करीब 2 सप्ताह पहले इकाना स्टेडियम में इन्फ्लूएंसर्स मीट की गई थी। उसमें 100 से अधिक सोशल मीडिया इन्फ्लूएंसर्स, डिजिटल कंटेंट क्रिएटर्स और ऑनलाइन मीडिया प्रतिनिधि पहुंचे थे। उस दिन आयोजकों ने बताया था कि मैच के दौरान जिसका सोशल मीडिया पोस्ट सबसे अच्छा होगा, उसे 5000 रुपए इनाम के रूप में मिलेंगे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *