![]()
स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर चित्रकूट के पाठा क्षेत्र में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत एक पदयात्रा निकाली गई। बुंदेलखंड मुक्ति मोर्चा के तत्वावधान में आयोजित इस यात्रा में सैकड़ों लोग शामिल हुए। यह पदयात्रा बजरंग इंटर कॉलेज सपहा से शुरू होकर भीमपुर कॉलोनी होते हुए कैलहा गांव पहुंची। पदयात्रा में युवा, छात्र-छात्राएं, सामाजिक कार्यकर्ता और ग्रामीण बड़ी संख्या में मौजूद रहे। हाथों में तिरंगा लिए प्रतिभागियों ने ‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम्’ और ‘जय हिंद’ के नारे लगाए। रास्ते में कई स्थानों पर ग्रामीणों ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया और प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया। इस अवसर पर एडवोकेट प्रखर पटेल ने कहा कि तिरंगा देश की आजादी, शहीदों के बलिदान, संविधान की गरिमा और करोड़ों भारतीयों के आत्मसम्मान का प्रतीक है। उन्होंने प्रत्येक नागरिक से राष्ट्रीय ध्वज का सम्मान करने और राष्ट्र निर्माण में सकारात्मक भूमिका निभाने का आह्वान किया। समाजसेवी मुकेश पटेल ने बताया कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का उद्देश्य लोगों में राष्ट्रप्रेम, एकता और सामाजिक सद्भाव की भावना को मजबूत करना है। उन्होंने पाठा क्षेत्र के युवाओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी को जनजागरण और क्षेत्र के विकास के लिए प्रेरणादायक बताया। पदयात्रा में शिक्षक सुशील सिंह, संदीप पटेल, अमित सिंह, उमेंद्र सिंह, जगजीवन प्रसाद, शशिप्रभा, पुष्पराज, अतुल, अंकित, सुशील, विपिन, शुभम पटेल, रजनीश, दीपक, रामसिया, शैलेन्द्र, पवन सहित सैकड़ों लोग उपस्थित थे। सभी ने देश की एकता, अखंडता और सामाजिक सौहार्द को मजबूत करने का संकल्प लिया। यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया था। पुलिस के सहयोग से यह पदयात्रा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हुई। समापन पर आयोजकों ने प्रतिभागियों और पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त किया। उन्होंने लोगों से अपने घरों, प्रतिष्ठानों और संस्थानों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराने की अपील भी की।
Source link
चित्रकूट में धूमधाम से निकली तिरंगा पदयात्रा:सैकड़ों लोग हुए शामिल, लगाए 'भारत माता की जय' के नारे