![]()
कानपुर देहात के अकबरपुर में गुरुवार को एक साथ आयोजित तीन बड़े कार्यक्रमों के चलते शहर की यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित रही। भाजपा की तिरंगा यात्रा, समाजवादी पार्टी के अहिल्याबाई होल्कर जयंती कार्यक्रम और भारतीय किसान यूनियन की ट्रैक्टर रैली के कारण सुबह 10:30 बजे से दोपहर करीब 3:30 बजे तक वाहन रेंगते नजर आए। हजारों लोग घंटों जाम में फंसे रहे। सुबह 10:30 बजे भाजपा की तिरंगा यात्रा निकाली गई। इसमें कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद, जिलाधिकारी, एसपी, सीडीओ, विधायक, भाजपा जिलाध्यक्ष और अन्य जनप्रतिनिधि शामिल हुए। यात्रा में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। स्कूली बच्चों ने करीब 1200 फीट लंबे तिरंगे के साथ लगभग दो किलोमीटर तक यात्रा निकाली। देखें, 3 तस्वीरें… इसके बाद दोपहर करीब डेढ़ बजे समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल अकबरपुर पहुंचे। कार्यक्रम में सैकड़ों वाहन पहुंचे और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने मोटरसाइकिल यात्रा निकाली। आयोजकों की ओर से करीब पांच हजार कार्यकर्ताओं के शामिल होने का दावा किया गया। इसी दौरान भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं ने ट्रैक्टर तिरंगा यात्रा निकाली। तीनों आयोजनों के एक साथ होने से सड़कों पर वाहनों का दबाव लगातार बढ़ता गया। स्थिति यह रही कि जाम में फंसे वाहनों को निकलने में करीब एक घंटे तक का समय लगा। कई लोगों ने वैकल्पिक रास्तों का सहारा लिया, लेकिन उन्हें छह से सात किलोमीटर तक अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ी। यातायात प्रभारी विवेक यादव ने बताया कि पुलिस और यातायात कर्मियों की पर्याप्त तैनाती की गई थी, लेकिन अनुमान से कहीं अधिक भीड़ पहुंचने के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई।
Source link
अकबरपुर में तीन आयोजनों से 5 घंटे जाम:भाजपा की तिरंगा यात्रा, सपा का कार्यक्रम और भाकियू की ट्रैक्टर रैली से बिगड़ी यातायात व्यवस्था