![]()
गोरखपुर के आर्मी पब्लिक स्कूल में आयोजित क्लस्टर-5 इंटर-एपीएस सेंट्रल कमांड बास्केटबॉल प्रतियोगिता 2026 (बालक वर्ग) में मेजबान टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चैंपियनशिप अपने नाम कर ली। 12 और 13 अगस्त को चली इस दो दिवसीय प्रतियोगिता में लखनऊ, जबलपुर और गोरखपुर की टीमों के बीच रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। हर मैच में दिखा गोरखपुर का दम टूर्नामेंट की शुरुआत लखनऊ और जबलपुर के मुकाबले से हुई, जिसमें लखनऊ ने 21–8 से जीत दर्ज की। इसके बाद गोरखपुर और लखनऊ के बीच जोरदार टक्कर हुई। दोनों टीमों के बीच आखिरी तक कांटे की टक्कर चली, लेकिन गोरखपुर ने शानदार खेल दिखाते हुए 42–36 से मुकाबला जीत लिया। फाइनल मुकाबले में गोरखपुर ने जबलपुर पर पूरी तरह दबदबा बनाया और 61–15 के बड़े अंतर से जीत हासिल कर ट्रॉफी अपने नाम कर ली। उद्घाटन से समापन तक रहा जोश और उत्साह प्रतियोगिता का शुभारंभ स्कूल स्टाफ ऑफिसर कर्नल डी. भट्टाचार्य ने फ्री-थ्रो शॉट लगाकर किया। खिलाड़ियों से मुलाकात कर उन्होंने उनका हौसला बढ़ाया। छात्रों के स्वागत नृत्य ने कार्यक्रम में ऊर्जा और उत्साह भर दिया। मुख्य अतिथि कर्नल डी. भट्टाचार्य ने कहा कि खेल केवल जीत-हार तक सीमित नहीं होते, बल्कि यह अनुशासन, टीमवर्क, नेतृत्व और आत्मविश्वास सिखाते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को हर मैच में अपना सर्वश्रेष्ठ देने के लिए प्रेरित किया। विजेताओं को मिली ट्रॉफी समापन समारोह में एपीएस गोरखपुर को विजेता ट्रॉफी, मेडल और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। एपीएस नेहरू रोड लखनऊ को उपविजेता और एपीएस जबलपुर नंबर-2 को तीसरा स्थान मिला। गोरखपुर टीम के कोच अंकित कुमार को भी उनकी बेहतरीन रणनीति और मार्गदर्शन के लिए सराहा गया। प्रतियोगिता को सफल और निष्पक्ष बनाने में रेफरी राजेश्वर वंशी, विकास यादव, दीपक कुमार, सुरेंद्र गुप्ता, अनिल सिंह और सोहन कुमार की अहम भूमिका रही। उनके निर्णयों से सभी मैच व्यवस्थित और पारदर्शी तरीके से संपन्न हुए।
Source link
गोरखपुर ने बास्केटबॉल चैंपियनशिप जीती:लखनऊ को हराकर खिताब अपने नाम किया, प्रयागराज में अगली चुनौती