![]()
बिजनौर में गुरुवार दोपहर एक बजे प्रभारी मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने जिला स्तरीय विकास कार्यों की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा विदुर सभागार में हुई बैठक में उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्ययोजना बनाकर सरकारी योजनाओं के निर्धारित लक्ष्य पूरे करने के निर्देश दिए। बिना सूचना बैठक से अनुपस्थित जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) और जल निगम ग्रामीण के अधिशासी अभियंता की गैरहाजिरी पर नाराजगी जताते हुए दोनों से स्पष्टीकरण तलब करने के निर्देश दिए। योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाएं प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों से अपनी-अपनी विभागीय योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने को कहा, ताकि पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने गौशालाओं का महीने में कम से कम एक बार औचक निरीक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। संभावित बाढ़ प्रभावित गांवों में राहत की तैयारी बैठक में जिले के संभावित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में की जा रही तैयारियों की समीक्षा की गई। चांदपुर के एसडीएम ने बताया कि चार-पांच गांव बाढ़ से प्रभावित हो सकते हैं। इस पर प्रभारी मंत्री ने जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में प्रभावित लोगों को राहत किट वितरित कराने के निर्देश दिए। पाइपलाइन डालने के बाद सड़कों की मरम्मत कराएं जल निगम ग्रामीण के कार्यों की समीक्षा के दौरान मंत्री ने पानी की टंकियों के निर्माण और पाइपलाइन बिछाने की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने पाइपलाइन बिछाने के बाद क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत की स्थिति की भी जांच कराने को कहा। मंत्री ने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को आमजन और सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से सफल बनाने की अपील की। साथ ही ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ के महत्व पर प्रकाश डालते हुए इसे इतिहास को याद करने का महत्वपूर्ण अवसर बताया। किसानों और आम लोगों की समस्याओं का रखें ध्यान एमएलसी अशोक कटारिया ने अधिकारियों को किसानों और आमजन के हित में काम करने तथा उन्हें किसी तरह की परेशानी न होने देने के निर्देश दिए। उन्होंने पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग की शादी अनुदान योजना के लाभार्थियों की सूची संबंधित अधिकारी को उपलब्ध कराने को भी कहा। नहटौर विधायक ओम कुमार ने नहटौर-नगीना मार्ग का निरीक्षण कराने और निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्ण तरीके से कराने के निर्देश दिए। 18 स्वास्थ्य उपकेंद्र बन चुके जिला पंचायत अध्यक्ष साकेन्द्र प्रताप सिंह ने कार्बन क्रेडिट योजना का प्रचार-प्रसार कराने और इसके क्रियान्वयन की रूपरेखा तैयार करने को कहा। उन्होंने गांवों में स्वास्थ्य विभाग की ओर से बनाए जा रहे उपकेंद्रों की जानकारी भी ली। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि 18 उपकेंद्र बन चुके हैं, जबकि 18 अन्य के लिए भूमि चिह्नित कर निर्माण कराया जाएगा। कई योजनाओं की प्रगति की समीक्षा बैठक में प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना, वृक्षारोपण अभियान, कृत्रिम गर्भाधान, पशु टीकाकरण, एनआरएलएम, स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं, उद्योग, सहकारिता, सिंचाई विभाग और नमामि गंगे समेत विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। प्रभारी मंत्री और जनप्रतिनिधियों ने अधिकारियों से योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष भूपेंद्र चौहान, नहटौर विधायक ओम कुमार, धामपुर विधायक अशोक राणा, एमएलसी अशोक कटारिया, जिला पंचायत अध्यक्ष साकेन्द्र प्रताप सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष इंदिरा सिंह समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
Source link
बिजनौर में प्रभारी मंत्री ने विकास कार्यों की समीक्षा की:DIOS और जल निगम के EE की गैरहाजिरी पर नाराजगी, स्पष्टीकरण तलब