![]()
उत्तर प्रदेश योगासन स्पोर्ट एसोसिएशन के तत्वावधान में अस्मिता खेलो इंडिया योगासन वूमेन सिटी लीग का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में 100 से अधिक खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबिता चौहान और एटा के एसएसपी श्यामनारायण सिंह ने दीप प्रज्वलन कर लीग का उद्घाटन किया। प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्गों और श्रेणियों में मुकाबले हुए। ट्रेडिशनल इवेंट के 18 वर्ष से कम आयु वर्ग में गुलशन और कुलसुम ने प्रथम, काकुल और रितिका ने द्वितीय, जबकि अनुष्का और जिया मलिक ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में रजनी और सुधा प्रथम, अंजली और मुस्कान द्वितीय, तथा तनीषा और मुस्कान तृतीय स्थान पर रहीं। कलात्मक योगासन एकल में गुलशन ने प्रथम, काकुल ने द्वितीय और सुधा ने तृतीय स्थान हासिल किया।
उद्घाटन समारोह में डॉ. बबिता चौहान ने योग को भारतीय संस्कृति की धरोहर बताया। उन्होंने कहा कि योग युवाओं को स्वस्थ और अनुशासित बनाता है। महिला आयोग की सदस्य रेनू गौड़ भी इस अवसर पर उपस्थित थीं। उत्तर प्रदेश योगासन स्पोर्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष दिनेश प्रताप सिंह ने बताया कि इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को योगासन के प्रति प्रेरित करना और उन्हें शारीरिक-मानसिक रूप से फिट रखना है। इसमें पारंपरिक, कलात्मक और लयबद्ध योगासन (पारंपरिक, एकल, युग्म) श्रेणियों में महिला खिलाड़ियों ने भाग लिया। डॉ. बबिता चौहान ने इस दौरान बच्चियों को जागरूक करने पर जोर दिया और एटा जैसे जनपद में जिला स्तरीय प्रतियोगिता के आयोजन को बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि बच्चियां हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं और पढ़ने वाले बच्चों के लिए योग अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि योगी सरकार महिलाओं को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर कार्यक्रम आयोजित कर रही है, जो स्वास्थ्य, शिक्षा और सुरक्षा के दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण हैं। अंत में, सभी विजेता खिलाड़ियों को मेडल और पुरस्कार वितरित किए गए।
Source link
यूपी में अस्मिता खेलो इंडिया योगासन लीग:महिला आयोग अध्यक्ष और एसएसपी ने किया उद्घाटन, 100 से ज्यादा खिलाड़ी शामिल हुए