![]()
शाहजहांपुर के बंडा थाना क्षेत्र में अभद्र टिप्पणी को लेकर हुए विवाद के बाद मारपीट के मामले में पुलिस ने सात नामजद और कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। इस घटना में तीन लोग घायल हुए हैं, जिनका मेडिकल कराया गया है। यह घटना बुधवार रात भांबी गांव में हुई। पुलिस के अनुसार, गांव में 10 अगस्त को कांवड़ लेकर ग्रामीण आए थे और 11 अगस्त को भंडारा भी शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया था। विवाद 12 अगस्त की रात तब शुरू हुआ, जब एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर अभद्र टिप्पणी की। टिप्पणी की जानकारी होने पर दूसरे पक्ष ने विरोध किया, जिसके बाद दोनों पक्षों में विवाद, गाली-गलौज और फिर मारपीट हो गई। मारपीट में तीन लोग घायल हुए। रात में तनाव की सूचना मिलने पर सीओ प्रवीण मलिक और बंडा थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे। घायलों को मेडिकल जांच के लिए भेजा गया। तहरीर के आधार पर पुलिस ने शराफत, मोहम्मद लईक, मेहंदी हसन, नफीस, इस्राइल, गुड्डू और शेरून सहित कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज की है। पुलिस ने पीड़ित पक्ष को उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। थाना प्रभारी ब्रजेश सिंह ने बताया कि मारपीट में तीन लोगों को चोटें आई हैं। तहरीर के आधार पर एफआईआर दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। घटना के बाद गांव में पुलिस बल तैनात किया गया है, हालांकि गांव में तनाव जैसी कोई स्थिति नहीं है।
Source link
अभद्र टिप्पणी पर मारपीट मामला, 7 नामजद:शाहजहांपुर के बंडा थाने में एफआईआर दर्ज, तीन हुए थे घायल