कमिश्नर ने धामपुर SDM-तहसीलदार कोर्ट के केस मुरादाबाद ट्रांंसफर किए:लगातार हड़तालों की वजह से प्रभावित हो रही थी मुकदमों की सुनवाई;बार पदाधिकारी पहुंचे मुरादाबाद


मुरादाबाद के कमिश्नर आन्जनेय कुमार सिंह ने एक कड़ा फैसला लेते हुए बिजनौर जिले की धामपुर तहसील के एसडीएम और तहसीलदार कोर्ट के सभी मुकदमों को मुरादाबाद की अदालत-अलग कोर्ट में ट्रांसफर कर दिया है। धामपुर में आए दिन अधिवक्ताओं के न्यायिक कार्यों से विरत रहने की वजह से धामपुर की उपजिलाधिकारी और तहसीलदार कोर्ट में मुकदमों की सुनवाई प्रभावित हो रही थी। जिसकी वजह से वादकारियों को चक्कर लगाने पड़ रहे थे।
एक फरियादी 3 दिन पहले कमिश्नर आन्जनेय सिंह के सामने पेश हुआ था। उसने कहा कि कमिश्नर कोर्ट ने जिस मामले के एक माह में निस्तारण के निर्देश दिए थे, उसका निस्तारण 4 साल बाद भी धामपुर तहसीलदार कोर्ट ने नहीं किया है। इस पर नाराज हुए कमिश्नर आन्जनेय सिंह ने धामपुर उपजिलाधिकारी कोर्ट में विचाराधीन सभी मामलों को ठाकुरद्वारा एसडीएम कोर्ट में ट्रांसफर कर दिया। धामपुर एसडीएम न्यायिक कोर्ट के सभी मामले उपजिलाधिकारी न्यायिक ठाकुरद्वारा की कोर्ट में ट्रांसफर कर दिए गए।
इसके अलावा तहसीलदार धामपुर के न्यायालय में विचाराधीन सभी मामलों को तहसीलदार नगीना की कोर्ट में ट्रांसफर कर दिया गया। तहसीलदार न्यायिक धामपुर की कोर्ट में विचाराधीन सभी मामलों को तहसीलदार न्यायिक नगीना की कोर्ट में ट्रांसफर कर दिया गया है। इसके अलावा नायब तहसीलदार धामपुर एवं नायब तहसीलदार नहटौर की कोर्ट में विचाराधीन सभी मामलों को नायब तहसीलदार बढ़ापुर तहसील नगीना में ट्रांसफर कर दिया गया। जबकि नायब तहसीलदार स्योहारा तहसील धामपुर एवं नायब तहसीलदार अफजलगढ़ के न्यायालयों के सभी वादों को नायब तहसीलदार नगीना की कोर्ट में ट्रांसफर कर दिया गया है।

कमिश्नर के इस आदेश से धामपुर बार एसोसिएशन में खलबली मच गई। बुधवार को धामपुर बार एसोसिएशन का एक 20 सदस्यीय डेलीगेशन मुरादाबाद में मंडलायुक्त के पास पहुंचा। बार एसोसिएशन ने कमिश्नर को आश्वासन दिया है कि भविष्य में अनावश्यक हड़तालें नहीं होंगी और नियमित रूप से काम होगा। इस आश्वासन के बाद कमिश्नर ने अपने आदेश को वापस ले लिया है।
इसके साथ ही अधिवक्ताओं द्वारा धामपुर तहसीलदार की शिकायत करने पर कमिश्नर आन्जनेय सिंह ने डीएम बिजनौर को धामपुर तहसीलदार को हटाने के निर्देश भी दिए हैं।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *