तिरंगा यात्रा में बिना हेलमेट बाइक पर दिखे भाजपा जिलाध्यक्ष:लखीमपुर खीरी में फोन पर बात करते दिखे, ट्रैफिक नियमों की उड़ी धज्जियां


लखीमपुर खीरी में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर निकाली गई तिरंगा यात्रा के दौरान यातायात नियमों की अनदेखी के मामले सामने आए। नकहा क्षेत्र में भाजपा जिलाध्यक्ष अरविंद गुप्ता के नेतृत्व में निकाली गई यात्रा में बड़ी संख्या में बाइक सवार बिना हेलमेट नजर आए। कई बाइकों पर तीन-तीन लोग सवार थे, जबकि कुछ युवक बाइक से स्टंट करते भी दिखाई दिए। इन घटनाओं के वीडियो सामने आने के बाद सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को लेकर सवाल उठ रहे हैं। यात्रा के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष अरविंद गुप्ता भी एक बाइक पर बिना हेलमेट चालक के पीछे बैठे नजर आए। उनके हाथ में मोबाइल फोन था और वह फोन पर बात करते हुए दिखाई दिए। उनके पीछे चल रहे कई अन्य बाइक सवार भी बिना हेलमेट और तीन सवारियों के साथ नारेबाजी करते हुए आगे बढ़ रहे थे। सैदीपुर से शुरू होकर नकहा ब्लॉक पहुंची यात्रा तिरंगा यात्रा सैदीपुर से शुरू हुई थी। इसमें सदर विधायक योगेश वर्मा, नकहा ब्लॉक प्रमुख पवन गुप्ता, नकहा मंडल महामंत्री धर्मेंद्र मौर्य समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए। कार्यकर्ता हाथों में तिरंगा लेकर भारत माता की जय और देशभक्ति के नारे लगाते हुए विभिन्न मार्गों से गुजरे। यात्रा का समापन नकहा ब्लॉक परिसर में हुआ। स्टंट और तीन सवारियों के वीडियो से उठे सवाल यात्रा के दौरान जहां देशभक्ति का माहौल दिखाई दिया, वहीं बाइक सवारों की ओर से यातायात नियमों की अनदेखी भी चर्चा में रही। बिना हेलमेट वाहन चलाने, एक बाइक पर तीन लोगों के बैठने और बाइक से स्टंट करने के वीडियो सामने आने के बाद सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं। नियमों के उल्लंघन पर यातायात विभाग की कार्रवाई को लेकर भी लोगों की नजर बनी हुई है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *