महिला से मंगलसूत्र छीनने वाला आरोपी गिरफ्तार:मऊ में तमंचा-कारतूस और बाइक बरामद, CCTV से पकड़ा गया


मऊ जिले की सरायलखंसी पुलिस ने मंगलवार दोपहर 2:30 बजे एक चेन स्नैचिंग मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से महिला से छीना गया सोने का लॉकेट, एक अवैध 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस और घटना में इस्तेमाल की गई बिना नंबर प्लेट की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान 25 वर्षीय सतीश कुमार पुत्र सुरेश राम, निवासी लैरोदोनवार, थाना कोपागंज, जनपद मऊ के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, यह घटना बीते 8 अगस्त को अंबेडकर प्रतिमा, खालिसपुर मेन रोड के पास हुई थी। एक महिला जब रास्ते से गुजर रही थी, तभी स्प्लेंडर बाइक सवार एक बदमाश ने उसके गले से मंगलसूत्र छीन लिया और मौके से फरार हो गया। आरोपी की तलाश शुरू इस संबंध में महिला की शिकायत पर सरायलखंसी थाने में अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा संख्या 275/2026, धारा 304(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था। घटना के बाद पुलिस टीम ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू की। जांच के दौरान, एक संदिग्ध युवक सतीश कुमार का हुलिया सीसीटीवी फुटेज में दिख रहे व्यक्ति से मेल खाता पाया गया। इसके बाद पुलिस टीम लगातार उसकी गतिविधियों पर नजर रख रही थी। इसी क्रम में, उपनिरीक्षक बाली मौर्या ने हेड कांस्टेबल मनोज यादव, कांस्टेबल बालगोविन्द पाल, अरविन्द यादव, संजीव सिंह और शशिकान्त के साथ मिलकर मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई की। सोने का लॉकेट बरामद 11 अगस्त को डोडापुर मोड़ के पास से सतीश कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी के दौरान, उसकी पैंट की जेब से छीना हुआ सोने का लॉकेट बरामद हुआ। इसके अतिरिक्त, तमंचा, जिंदा कारतूस और घटना में इस्तेमाल की गई बाइक भी जब्त की गई। सीओ सिटी नितेश कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी सतीश कुमार के खिलाफ पहले भी कोपागंज थाने में महिला अपराध से संबंधित एक मुकदमा दर्ज है। उसके अन्य आपराधिक रिकॉर्ड के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने इस घटना को अकेले अंजाम देने की बात स्वीकार की है। आरोपी को संबंधित धाराओं के तहत न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *