![]()
चित्रकूट में स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की तैयारियों की मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) डीपी पाल ने समीक्षा की। सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में उन्होंने जनभागीदारी बढ़ाने और राष्ट्रीय ध्वज की समय पर उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया। सीडीओ ने अधिकारियों को आपसी समन्वय से समयबद्ध तरीके से काम करने के निर्देश दिए ताकि अभियान को प्रभावी बनाया जा सके। सीडीओ पाल ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का मुख्य उद्देश्य केवल घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराना नहीं, बल्कि लोगों में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और तिरंगे के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करना है। उन्होंने गांव से लेकर शहर तक व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा ग्राम पंचायतों, विद्यालयों, नगरीय निकायों और सार्वजनिक स्थलों पर अभियान से जुड़ी गतिविधियां आयोजित कर अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को राष्ट्रीय ध्वजों का वितरण निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार समय पर सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार किए जा रहे तिरंगों की गुणवत्ता और समय पर उपलब्धता पर विशेष ध्यान देने को कहा गया। सीडीओ ने संबंधित विभागों को किसी भी स्तर पर ध्वज की कमी न होने देने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से पूरी करने के निर्देश दिए। सीडीओ ने अभियान को जनआंदोलन का रूप देने के लिए ग्राम पंचायत स्तर पर लोगों को जागरूक करने पर जोर दिया। उन्होंने स्कूलों में विद्यार्थियों को तिरंगे के महत्व और राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान के बारे में जानकारी देने को कहा। नगरीय क्षेत्रों में भी सार्वजनिक स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित कर नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों से अभियान को केवल औपचारिकता तक सीमित न रखकर पूरे उत्साह और जिम्मेदारी के साथ संचालित करने का आह्वान किया। बैठक में मौजूद अधिकारियों ने अभियान को सफल बनाने के लिए विभागीय स्तर पर की जा रही तैयारियों की जानकारी दी। सीडीओ ने सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समय में पूरी करने के निर्देश दोहराए।
Source link
चित्रकूट में हर घर तिरंगा अभियान की समीक्षा:CDO बोले- राष्ट्रीय ध्वज फहराना लक्ष्य नहीं, लोगों में राष्ट्रप्रेम की भावना पैदा करना जरूरी