संभल में शिवतेरस पर12वीं तक के स्कूल-कॉलेज बंद:84 मजिस्ट्रेट और 2017 पुलिसकर्मी तैनात, यातायात व्यवस्था को लेकर इंतजाम


संभल में सावन की शिवतेरस के अवसर पर कांवड़ियों की बढ़ती भीड़ और शिवालयों में होने वाले जलाभिषेक को देखते हुए संभल में 11 अगस्त को सभी स्कूल-कॉलेज बंद रहेंगे। यह अवकाश नर्सरी से कक्षा 12 तक के सभी बोर्ड के शिक्षण संस्थानों पर लागू होगा। प्रशासन ने कांवड़ियों की भारी आवाजाही के बीच जाम और सड़क हादसों की आशंका को देखते हुए यह फैसला लिया है। जिलाधिकारी अंकित खंडेलवाल के निर्देश पर सोमवार रात करीब 9:30 बजे जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अलका शर्मा ने अवकाश का आदेश जारी किया। आदेश के मुताबिक, श्रावण मास में कांवड़ियों द्वारा विभिन्न शिव मंदिरों में गंगाजल से जलाभिषेक और पूजा-अर्चना की जाएगी। इस दौरान प्रमुख मार्गों और नगर क्षेत्रों में कांवड़ियों की भारी भीड़ रहने की संभावना है, जिससे यातायात प्रभावित होने के साथ दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ सकता है। सभी बोर्ड के स्कूलों पर लागू होगा आदेश जारी आदेश के अनुसार, संभल जिले के सभी माध्यमिक, परिषदीय, अशासकीय सहायता प्राप्त और मान्यता प्राप्त विद्यालय मंगलवार को बंद रहेंगे। इसमें सीबीएसई, आईसीएसई और अन्य सभी बोर्ड के स्कूल शामिल हैं। अवकाश नर्सरी से लेकर कक्षा 12 तक के विद्यार्थियों के लिए लागू रहेगा। इन प्रमुख शिवालयों में होगा जलाभिषेक शिवतेरस के अवसर पर संभल की 24 कोसीय परिक्रमा क्षेत्र में आने वाले प्रमुख शिवालयों समेत जिले के विभिन्न मंदिरों में कांवड़िये और श्रद्धालु जलाभिषेक करेंगे। इनमें संभलेश्वर महादेव, चंद्रेश्वर महादेव, भुवनेश्वर महादेव, बहजोई क्षेत्र के सादातबाड़ी स्थित श्रीपातालेश्वर महादेव, हयातनगर के सिद्धपीठ पातालेश्वर महादेव, नखासा के श्रीप्रकेटेश्वर महादेव और संभल कोतवाली क्षेत्र के श्रीकृष्णेश्वर महादेव सूर्यकुंड तीर्थ प्रमुख हैं। इन मंदिरों में मंगलवार को सुबह से ही श्रद्धालुओं और कांवड़ियों की भीड़ जुटने की संभावना है। इसे देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर व्यापक इंतजाम किए हैं। 84 मजिस्ट्रेट और 2017 पुलिसकर्मियों की ड्यूटी कांवड़ यात्रा और शिवतेरस पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस-प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। जिले में कानून-व्यवस्था और यातायात व्यवस्था संभालने के लिए 84 मजिस्ट्रेट और 2017 पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। प्रशासन की ओर से संवेदनशील स्थानों, प्रमुख मार्गों और शिवालयों के आसपास विशेष निगरानी रखी जा रही है। डाक कांवड़ यात्रा को लेकर भी पुलिस बल को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। 12 हजार से अधिक कैमरों से निगरानी प्रशासन पूरे जनपद में 12 हजार से अधिक सीसीटीवी कैमरों के जरिए निगरानी कर रहा है। अधिकारियों का कहना है कि कैमरों के माध्यम से प्रमुख मार्गों, धार्मिक स्थलों और संवेदनशील क्षेत्रों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से तत्काल निपटा जा सके और कानून-व्यवस्था बनी रहे। प्रशासन ने श्रद्धालुओं और आम लोगों से पुलिस की ओर से जारी यातायात व्यवस्था का पालन करने तथा कांवड़ यात्रा के दौरान निर्धारित मार्गों का इस्तेमाल करने की अपील की है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *