बरेली में तपेश्वरनाथ धाम पहुंची जलाभिषेक शोभायात्रा:शंख-डमरू की गूंज के बीच सामूहिक रुद्राभिषेक में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़


सावन के महीने में बरेली में भगवान शिव की भक्ति का माहौल बना हुआ है। सोमवार को नाथ नगरी बरेली जलाभिषेक समिति की ओर से जलाभिषेक शोभायात्रा निकाली गई। यह कार्यक्रम का पांचवां चरण था। शोभायात्रा श्यामगंज से शुरू होकर तपेश्वरनाथ मंदिर पहुंची। यहां श्रद्धालुओं ने शंख और डमरू की धुन के बीच भगवान शिव का सामूहिक रुद्राभिषेक किया। कार्यक्रम की शुरुआत श्यामगंज मंदिर में नाथ नगरी चालीसा और हनुमान चालीसा के पाठ से हुई। इसके बाद श्रद्धालु गंगाजली लेकर और माथे पर केसरिया पट्टी बांधकर शोभायात्रा में शामिल हुए। यात्रा सुबह करीब 7 बजे श्यामगंज से शुरू हुई। यह कालीबाड़ी, पटेल चौक, चौपुला ब्रिज और सुभाष नगर होते हुए तपेश्वरनाथ मंदिर पहुंची। पूरे रास्ते ‘ॐ नमः शिवाय’ और ‘बरेली नगरी, नाथ नगरी’ के जयकारे गूंजते रहे। भजनों और डमरू की थाप पर श्रद्धालु उत्साहित नजर आए। कई सामाजिक और धार्मिक संगठनों ने रास्ते में शोभायात्रा का स्वागत किया और पुष्पवर्षा की। वैदिक मंत्रों के साथ हुआ रुद्राभिषेक तपेश्वरनाथ मंदिर पहुंचने पर आशुतोष शर्मा (भूतनाथ) ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ सामूहिक रुद्राभिषेक कराया। इसके बाद बाबा तपेश्वरनाथ का फूल, फल, चंदन और वस्त्रों से श्रृंगार किया गया। शंखनाद और डमरू वादन के बीच हुई आरती में श्रद्धालुओं ने भगवान शिव के दर्शन किए। मंदिर परिसर में तपेश्वरनाथ सेवादल की ओर से श्रद्धालुओं के लिए जलपान की व्यवस्था भी की गई। 17 अगस्त को होगा अगला कार्यक्रम समिति के मीडिया प्रभारी मनोज देवल ने बताया कि सावन में जलाभिषेक और सामूहिक रुद्राभिषेक का सिलसिला आगे भी जारी रहेगा। कार्यक्रम के छठे चरण में 17 अगस्त को बाबा बनखंडीनाथ मंदिर में सामूहिक रुद्राभिषेक का आयोजन किया जाएगा। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *