![]()
महराजगंज के बृजमनगंज थाना क्षेत्र के खड़खोड़ा गांव में रविवार रात पुरानी रंजिश को लेकर हुए विवाद में 28 वर्षीय युवक की कुदाल से हमला कर हत्या कर दी गई। विवाद के दौरान गंभीर रूप से घायल युवक को परिजन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लोटन, सिद्धार्थनगर ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। जानिए पूरा मामला पुलिस के अनुसार, घटना रविवार रात करीब 8:30 बजे की है। खड़खोड़ा गांव निवासी हजारी (28) पुत्र राजकुमार गांव में मछली पालन का काम करता था और परिवार के साथ रहता था। उसके दो छोटे बच्चे हैं। ग्रामीणों के मुताबिक, हजारी का दूसरी बिरादरी की एक युवती से लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इसको लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले भी विवाद हो चुका था। रविवार रात युवती के परिजन हजारी के घर पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि वे उसे समझाने के लिए आए थे। बातचीत के दौरान कहासुनी, फिर मारपीट घर पर बातचीत के दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी होने लगी। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। इसी दौरान आरोप है कि कुछ लोगों ने हजारी पर कुदाल से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से वह मौके पर ही गिर पड़ा। परिजन उसे आनन-फानन में इलाज के लिए सीएचसी लोटन, सिद्धार्थनगर लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। गांव में 10 साल पहले आया था हजारी ग्रामीणों के मुताबिक, हजारी करीब 10 साल पहले खड़खोड़ा गांव में आया था। बाद में जमीन लेकर यहीं बस गया और गांव का निवासी बन गया। उसके दो बच्चे भी उसके साथ रहते थे। बताया जा रहा है कि पत्नी से उसकी अनबन चल रही थी और वह अलग रह रही थी। हजारी गांव में रहकर मछली पालन का काम करता था और बच्चों की देखभाल भी खुद करता था। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा घटना की सूचना मिलने पर बृजमनगंज थानाध्यक्ष मदन मोहन मिश्रा पुलिस टीम के साथ अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस सतर्क है। थानाध्यक्ष ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। तहरीर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस विवाद के पीछे के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
Source link
पुरानी रंजिश में युवक की कुदाल से हमला कर हत्या:महराजगंज में प्रेम प्रसंग को लेकर हुआ था विवाद