अनुग्रह नारायण शाही | देवरिया3 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

देवरिया में सावन के दूसरे सोमवार को शिवालयों में उमड़ने वाली संभावित भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात की व्यापक तैयारी की है। रुद्रपुर स्थित बाबा दुग्धेश्वरनाथ मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए मंदिर के आसपास विशेष सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है।
मंदिर के सामने रुद्रपुर-गौरीबाजार मार्ग पर वाहनों का आवागमन पूरी तरह बंद रहेगा। वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से डायवर्ट किया जाएगा, ताकि कांवड़ियों और श्रद्धालुओं की आवाजाही में किसी तरह की परेशानी न हो।

रविवार शाम से ही बरहज, भागलपुर और सरयू नदी के अलग-अलग घाटों से बड़ी संख्या में कांवड़िए जल लेकर जिले के प्रमुख शिवालयों के लिए रवाना होने लगे। कांवड़ियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए घाटों से लेकर मंदिर परिसरों तक पुलिस गश्त और निगरानी बढ़ा दी गई है।
सोमवार तड़के करीब 3 बजे से विशेष जलाभिषेक शुरू होने की तैयारी है। बाबा दुग्धेश्वरनाथ के साथ सोमनाथ, महेंद्रनाथ समेत अन्य शिवालयों में भी श्रद्धालुओं की भीड़ पहुंचने की संभावना है।

मंदिर के आसपास बैरिकेडिंग, अतिरिक्त फोर्स तैनात
कोतवाल कल्याण सिंह सागर ने बताया कि स्थानीय पुलिस के साथ अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। मंदिर, मेला क्षेत्र और प्रमुख मार्गों पर तैनात पुलिसकर्मियों को कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।
सीओ सत्येंद्र कुमार राय के अनुसार, गौरीबाजार मार्ग पर ब्लॉक के सामने, पेट्रोल पंप के पास और पूर्वी बाइपास पर रनिहवां मोड़ के पास बैरिकेडिंग की गई है। श्रद्धालुओं और कांवड़ियों की आवाजाही के अनुसार ट्रैफिक को नियंत्रित किया जाएगा।

जलाभिषेक के बाद रुद्राभिषेक और विशेष पूजा
दूसरे सोमवार को बाबा दुग्धेश्वरनाथ मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतार लगने की संभावना है। कतार को व्यवस्थित करने के लिए पुलिस और मंदिर प्रशासन की टीम तैनात रहेगी। लजलाभिषेक के बाद मंदिर में रुद्राभिषेक और विशेष पूजा-अर्चना भी होगी। मेले को देखते हुए भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था पर विशेष नजर रखी जाएगी।
घाटों से शिवालयों तक पुलिस की निगरानी
बरहज और भागलपुर समेत सरयू नदी के घाटों पर भी सुरक्षा बढ़ाई गई है। कांवड़िए यहां से जल लेकर बाबा दुग्धेश्वरनाथ सहित जिले के विभिन्न शिवालयों के लिए रवाना हो रहे हैं। प्रशासन ने कांवड़ियों से निर्धारित मार्ग का इस्तेमाल करने और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की है।

CCTV और पुलिस की नजर में रहेंगे संवेदनशील स्थान
मंदिर परिसर, कांवड़ मार्ग और प्रमुख भीड़भाड़ वाले स्थानों पर CCTV कैमरों से निगरानी की जाएगी। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी कैमरों के जरिए भीड़, यातायात और सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखेंगे। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा। संदिग्ध गतिविधियों पर भी निगरानी बढ़ाई गई है। अधिकारियों का कहना है कि भीड़ बढ़ने की स्थिति में तत्काल जरूरी कदम उठाए जाएंगे।
प्रशासन की अपील- अफवाहों पर ध्यान न दें
जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं से निर्धारित मार्गों का ही इस्तेमाल करने, पुलिस के निर्देशों का पालन करने और किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान नहीं देने की अपील की है। प्रशासन ने कहा है कि सावन के दूसरे सोमवार को सुरक्षा, यातायात और श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जाएगी।
