![]()
मैनपुरर में भोगांव थाना क्षेत्र में नहर में मिली कार में मृत मिली विवाहिता सुमन कुमारी (24) की मौत के मामले में नया मोड़ आया है। मायके पक्ष ने ससुरालियों पर सुनियोजित तरीके से जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाया है। उनका आरोप है कि हत्या के बाद शव को कार सहित नहर में गिराकर घटना को हादसे का रूप देने की कोशिश की गई। मृतका के पिता फर्रुखाबाद के मेरापुर थाना क्षेत्र के देवसनी के निवासी रमेश चंद्र ने एसपी को शिकायती पत्र देकर आरोप लगाया कि उनकी बेटी सुमन कुमारी की शादी 2 जून 2025 को भोगांव के हरचंदपुर निवासी पंकज कुमार उर्फ प्रिंस राजपूत से हुई थी। रमेश चंद्र का आरोप है कि शादी के बाद से ही पति, सास और अन्य ससुरालीजन सुमन को कार तथा अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित कर रहे थे। विरोध करने पर उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट भी की जाती थी। पिता के अनुसार, सुमन ने पहले भी अपने मायके वालों को ससुराल में हो रही प्रताड़ना के बारे में बताया था। उन्होंने आरोप लगाया कि 1 अगस्त की रात करीब 9 बजे सुमन ने फोन पर परिजनों को सूचित किया था कि पति, सास, देवर सहित अन्य लोग उसे जहर देकर जान से मारने की योजना बना रहे हैं। इस पर पिता ने अगले दिन ससुरालियों से बात करने की बात कही थी। शिकायत में कहा गया है कि अगले ही दिन 2 अगस्त को सुमन की मौत की सूचना मिली। मायके पक्ष का आरोप है कि सुमन को जहर देकर हत्या करने के बाद उसके शव को टाटा पंच कार में रखा गया। इसके बाद, घटना को सड़क हादसा दिखाने के लिए कार को ग्राम रतीभानपुर की नहर में गिरा दिया गया। सूचना मिलने पर मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे। आरोप है कि घटना के बाद उसके पति ने खुद को जम्मू-कश्मीर में ड्यूटी पर बताया, जबकि जानकारी करने पर पता चला कि वह पिछले कई दिनों से छुट्टी पर था। इसी को आधार बनाकर मायके पक्ष ने पति समेत ससुराल पक्ष के अन्य लोगों की भूमिका पर सवाल उठाए हैं।
Source link
नहर में गिरी कार में मिली महिला की लाश:मैनपुर में पिता बोला- ससुराल वालों ने हत्या कर सड़क हादसा दिखाया