वाराणसी में साड़ी कारीगर की पत्थर से कूंचकर हत्या, बचाने आए लोगों पर भी हमला
.
वाराणसी में हमलावरों ने 40 साल के साड़ी कारीगर पप्पू विश्वकर्मा के सिर पर पत्थर से ताबड़तोड़ वार करके हत्या कर दी। साथ ही दुकान के बाहर सो रहे तीन लोगों पर ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। इसमें पान दुकानदार अशोक पासी उर्फ बाबा को भी सिर में गंभीर चोटें आईं। गणेशु कनौजिया को मामूली चोट लगी है।
वारदात के बाद आरोपी गाली-गलौज करते हुए मौके से फरार हो गए। वारदात शनिवार देर रात 3 बजे आदमपुर पुलिस चौकी से 100 मीटर की दूरी पर हुई।
RLD के यूपी चीफ ने दिया इस्तीफा, कहा- पार्टी भटक गई, लोकतंत्र खतरे में है

राष्ट्रीय लोकदल (RLD) के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व एमएलसी डॉ. रामाशीष राय ने अपने पद के साथ ही पार्टी से भी इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी को अपना त्यागपत्र भेजा है।
रामाशीष राय ने अपने इस्तीफे में गंभीर आरोप लगाते हुए कहा- पार्टी अब अपने मूल सिद्धांतों से भटक गई है। देश में संविधान, लोकतंत्र और संवैधानिक संस्थाओं पर प्रहार हो रहा है, जिससे लोकतंत्र खतरे में आ गया है। पढ़ें पूरी खबर…
बलरामपुर में फिरोज पप्पू हत्याकांड में पूर्व सांसद और बेटी-दामाद दोषमुक्त, कोर्ट ने दो को दोषी माना

बलरामपुर में सपा नेता फिरोज अहमद उर्फ पप्पू हत्याकांड में शुक्रवार शाम 4 बजे MP-MLA कोर्ट ने फैसला सुनाया है। पूर्व सपा सांसद रिजवान जहीर उनकी बेटी जेबा रिजवान और दामाद रमीज को कोर्ट ने दोषमुक्त किया है। दो आरोपियों को दोषी माना है, जिस पर मंगलवार को फैसला सुनाया जाएगा।
फैसले से पहले कोर्ट परिसर को पुलिस छावनी में बदल दिया गया था। यह हत्याकांड जनवरी 2022 का है। इस मामले में 6 लोगों को आरोपी बनाया गया था, जिनमें से एक की सुनवाई के दौरान मौत हो चुकी है। पढ़ें पूरी खबर…
प्रयागराज में डिप्टी CM केशव ने कहा- राहुल हिंदू तो पप्पू यादव का विरोध करें

प्रयागराज में डिप्टी सीएम केशव मौर्य ने शुक्रवार को सर्किट हाउस में सांसद पप्पू यादव को लेकर बयान दिया। उन्होंने कहा कि साधु वेश धारण कर पप्पू यादव ने रामभक्तों और हिंदुओं का अपमान किया है। केशव ने राहुल गांधी से मांग करते हुए कहा कि अगर वे स्वयं को जनेऊधारी और हिंदू मानते हैं, तो पप्पू यादव को अपनी पार्टी से अलग करें।
राहुल गांधी के प्रयागराज आने को लेकर केशव ने कहा कि इससे कोई फर्क नहीं पड़ने वाला। युवा, किसान, गरीब और महिलाएं पूरी तरह भाजपा के साथ हैं। विपक्ष के बस की बात नहीं है कि वह भाजपा को सत्ता से हटा सके। भाजपा की सरकार 100 सालों तक राज करेगी। पढ़ें पूरी खबर…
वाराणसी में 6 साल की बच्ची बोली- अंकल प्राइवेट पार्ट टच करते हैं, चाकलेट के बहाने घर बुलाते हैं

वाराणसी में एक साड़ी कारीगर की 6 साल की बेटी से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। बच्ची का कहना है कि हर जुमे को मोहल्ले में रहने वाला एक युवक उसे चॉकलेट देने के बहाने बुलाता था। फिर सुनसान जगह पर ले जाकर उसके प्राइवेट पार्ट को टच करता था। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देता था।
डरी-सहमी बच्ची ने आखिरकार अपनी मां को पूरी बात बता दी। इसके बाद परिजन शुक्रवार को जैतपुरा थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने केस दर्ज करके आरोपी की तलाश शुरू कर गी है। मामला जैतपुरा थाना क्षेत्र के जलालीपुरा का है। पढ़िए पूरी खबर…
केपी ग्राउंड में ही होगा राहुल गांधी का छात्र संवाद; सड़क पर छात्राओं के दो गुट में जमकर मारपीट

प्रयागराज में कांग्रेस नेता राहुल गांधी का छात्र संवाद कार्यक्रम अब KP ग्राउंड में ही होगा। केपी ट्रस्ट ने कार्यक्रम के लिए दोबारा अनुमति दे दी है। इसकी पुष्टि गुरुवार देर रात कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने की। उन्होंने बताया कि 8 अगस्त को शाम 5 बजे KP ग्राउंड में होने वाले कार्यक्रम की अनुमति फिर से मिल गई है।
इससे पहले 5 अगस्त को केपी ट्रस्ट ने छात्रों की पढ़ाई का हवाला देते हुए कार्यक्रम की अनुमति रद्द कर दी थी। इसके बाद विवाद गहरा गया। कांग्रेस का आरोप है कि ट्रस्ट ने पहले अनुमति दी थी, जिसके लिए 51 हजार रुपए की फीस भी जमा कराई गई। पंडाल निर्माण शुरू होने के बाद सरकार के दबाव में आकर अनुमति रद्द कर दी गई।
कांग्रेस ने ऐलान किया कि राहुल गांधी का कार्यक्रम तय तारीख और समय पर KP ग्राउंड में ही होगा। इसके बाद 6 अगस्त को राहुल गांधी ने वीडियो जारी कर प्रयागराज आने की पुष्टि की। कांग्रेस का दावा है कि इसी वीडियो के बाद केपी ट्रस्ट ने कार्यक्रम की दोबारा अनुमति दे दी। पढ़िए पूरी खबर…
वाराणसी में चलती ट्रक में लगी भीषण आग, फायर ब्रिगेड ने 45 मिनट में पाया काबू

वाराणसी में गुरुवार देर रात चलती ट्रक में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। चालक ने समय रहते ट्रक से कूदकर अपनी जान बचा ली। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रक के एक टायर से अचानक धुआं उठने लगा। देखते ही देखते आग ने पूरे ट्रक को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना मिलते ही पुलिस ने यातायात रोक दिया। भेलूपुर फायर स्टेशन से पहुंची दमकल की टीम ने करीब 45 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
हालांकि, तब तक ट्रक का अधिकांश हिस्सा जलकर खाक हो चुका था। घटना लंका थाना क्षेत्र के सुंदरपुर चौराहे की है। पढ़िए पूरी खबर…
अयोध्या समेत 5 जिलों के धार्मिक स्थलों का होगा विकास: 110 करोड़ रुपए होंगे खर्च

अयोध्या समेत पूरे मंडल में पर्यटन सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए सरकार 110 करोड़ रुपए खर्च करेगी। इसके तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 में 41 नई पर्यटन परियोजनाओं पर काम होगा। गुरुवार को अपर मुख्य सचिव अमृत अभिजात ने समीक्षा बैठक में अधिकारियों को सभी परियोजनाएं तय समयसीमा के भीतर और गुणवत्ता के साथ पूरी करने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही छोटी परियोजनाओं को पांच महीने के भीतर पूरा करने, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने और नियमित निरीक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। पढ़िए पूरी खबर
गोरखपुर में छात्राओं के दो गुटों में मारपीट, कॉलेज में छुट्टी के बाद भिड़ीं; सड़क पर चले लात-घूंसे

गोरखपुर में एक इंटर कॉलेज के बाहर छात्राओं के दो गुट आपस में भिड़ गए। स्कूल की छुट्टी के बाद गेट के बाहर किसी बात को लेकर कहासुनी हुई। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। छात्राओं ने एक-दूसरे के बाल पकड़कर थप्पड़-घूंसे चलाए। यह देख मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर किसी तरह मामला शांत कराया।
घटना शाहपुर थाना क्षेत्र में बुधवार शाम करीब 4 बजे की है। इसका वीडियो शुक्रवार सुबह सामने आया। स्कूल प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं, पुलिस का कहना है कि अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं मिली है। वीडियो के आधार पर भी जांच की जा रही है। पढ़िए पूरी खबर…
वाराणसी में वरुणा नदी में ऑटो चालक का शव मिला, बेटे ने पुलिस वाले पर लगाया पीछा करने का आरोप

वाराणसी में एक ऑटो चालक का शव वरुणा नदी में मिला। वरुणा पुलिस पर एक लावारिस ऑटो खड़ा था। सूचना पर पहुंची पुलिस को ऑटो के अंदर तेजाब की एक बोतल भी मिली। इसके बाद तलाश शुरू की गई तो नदी में एक शव उतराता मिला।
घटना गुरुवार देर शाम कैंट थाना क्षेत्र की है। मृतक की पहचान ज्ञानचंद सोनकर के रूप में हुई है। बेटे का आरोप है कि पिता पिछले 3 दिनों से कह रहे थे कि एक पुलिसकर्मी उनका पीछा कर रहा है। फिलहाल पुलिस पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच कर रही है। पढ़िए पूरी खबर…
आजम खान के फर्जी पैनकार्ड वाले केस से इलाहाबाद हाईकोर्ट के जज हटे, मामला चीफ जस्टिस को भेजा

सपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व सांसद आजम खान और उनके बेटे पूर्व विधायक अब्दुल्ला आजम खान को फर्जी पैन कार्ड मामले में इलाहाबाद हाईकोर्ट से बड़ा झटका लगा है। मामले की सुनवाई कर रहे न्यायमूर्ति विक्रम डी. चौहान ने खुद को सुनवाई से अलग (रिक्यूज) कर लिया है।
हाईकोर्ट ने निर्देश दिया है कि दोनों मामलों को नई पीठ के गठन के लिए मुख्य न्यायाधीश के समक्ष प्रस्तुत किया जाए। अब मुख्य न्यायाधीश द्वारा नई बेंच गठित किए जाने के बाद ही मामले की आगे सुनवाई होगी।
बताया जा रहा है कि फर्जी पैन कार्ड से जुड़े मामले में आजम खान और अब्दुल्ला आजम खान की ओर से दाखिल याचिकाओं पर सुनवाई चल रही थी। इसी दौरान न्यायमूर्ति विक्रम डी. चौहान ने किसी कारणवश मामले की सुनवाई से स्वयं को अलग कर लिया। पढ़ें पूरी खबर…
