![]()
संतकबीरनगर में एसपी संदीप कुमार मीना ने शुक्रवार देर शाम पुलिस ऑफिस में खलीलाबाद और धनघटा क्षेत्र के पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में लंबित विवेचनाओं और आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों की स्थिति की समीक्षा की गई। एसपी ने सभी मामलों का समयबद्ध, निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि विवेचनाओं में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। समीक्षा के दौरान लापरवाही सामने आने पर पौली चौकी इंचार्ज नन्दू गौतम के खिलाफ नियमानुसार विभागीय जांच के आदेश दिए गए। एसपी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जांच और शिकायतों के निस्तारण में तय प्रक्रिया का पूरी तरह पालन किया जाए। महिला अपराध और पॉक्सो मामलों पर विशेष जोर एसपी ने महिला अपराध, पॉक्सो एक्ट और अन्य गंभीर मामलों की विवेचना में वैज्ञानिक एवं फॉरेंसिक साक्ष्यों के प्रभावी संकलन पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि गंभीर मामलों में साक्ष्यों का वैज्ञानिक तरीके से संकलन और सुरक्षित रखना विवेचना को मजबूत बनाने के लिए जरूरी है। फरार आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश बैठक में एसपी ने फरार अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही पीड़ितों को उनकी विवेचना की प्रगति के बारे में नियमित रूप से जानकारी देने को कहा। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शिकायतकर्ताओं के साथ संवेदनशीलता से पेश आते हुए उनकी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए। पारदर्शी पुलिसिंग पर जोर एसपी संदीप कुमार मीना ने कहा कि पुलिस का उद्देश्य आमजन को त्वरित न्याय, पारदर्शी पुलिसिंग और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को अपनी जिम्मेदारियों का पूरी गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ निर्वहन करने के निर्देश दिए।
Source link
संतकबीरनगर में एसपी की समीक्षा बैठक:चौकी इंचार्ज के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश; लंबित विवेचनाओं के जल्द निस्तारण के निर्देश