![]()
चंदौली में शुक्रवार सुबह एक सड़क हादसे में 45 वर्षीय मजदूर चंद्रशेखर राजभर की मौत हो गई। वह जिला अस्पताल से दवा लेकर घर लौट रहे थे, तभी एक अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। घटना सकलडीहा कोतवाली क्षेत्र के विशुनपुरा गांव के पास हुई, जहां उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। विशुनपुरा गांव निवासी चंद्रशेखर राजभर सुबह अपनी साइकिल से सकलडीहा सधन तिराहा पहुंचे थे। वहां से वह टेम्पो पकड़कर जिला अस्पताल दवा लेने गए थे। दवा लेकर घर लौटते समय यह हादसा हुआ। अज्ञात वाहन टक्कर मारकर फरार हो गया। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने एम्बुलेंस की मदद से चंद्रशेखर को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां से उन्हें ट्रामा सेंटर रेफर किया गया। हालांकि, रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर सकलडीहा कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। चंद्रशेखर की असामयिक मौत से उनकी पत्नी हसीना और तीन बच्चों गौरव, काजल व आरो का रो-रोकर बुरा हाल है। तहसील के वरिष्ठ शासकीय अधिवक्ता अजय कुमार सिंह ने परिजनों को हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया है। कोतवाल भूपेंद्र निषाद ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
Source link
चंदौली में मजदूर की अज्ञात वाहन से मौत:दवा लेकर लौटते समय हादसा, परिवार में कोहराम