पीलीभीत में गन्ने के खेत में मिला युवक का शव:पुलिस ने शिनाख्त कर जांच शुरू की, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा मौत के कारण का खुलासा


पीलीभीत के बीसलपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह गन्ने के खेत में 32 वर्षीय युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 9:15 बजे बरसिया गांव के प्रधान ने पुलिस को सूचना दी कि बरसिया-खाण्डेपुर मार्ग पर पूर्व प्रधान बुद्धपाल सिंह के गन्ने के खेत में एक व्यक्ति का शव पड़ा है। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक संजीव कुमार शुक्ला पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस की जांच और स्थानीय लोगों से पूछताछ के बाद मृतक की पहचान खाण्डेपुर निवासी सुबोध (32) पुत्र सुरेश चंद्र के रूप में हुई। ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि सुबोध मानसिक रूप से अस्वस्थ था और उसे शराब समेत अन्य नशे की लत थी। पूछताछ में यह भी सामने आया कि उसके पिता भी मानसिक रूप से अस्वस्थ हैं और फिलहाल परिवार का कोई अन्य सदस्य गांव में मौजूद नहीं है। थाना प्रभारी संजीव कुमार शुक्ला ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *