![]()
उन्नाव के गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार देर रात हुए सड़क हादसे में एक 20 वर्षीय युवक की मौत हो गई। घटना गंगा ट्रांस सिटी के पास हुई, जहां युवक की बाइक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, मृतक के परिजनों ने इस घटना को महज सड़क हादसा मानने से इनकार करते हुए हत्या की आशंका जताई है। परिजनों ने युवक के दोस्तों पर शक जाहिर किया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान अचलगंज थाना क्षेत्र के पड़री कला निवासी आयुष त्रिवेदी के रूप में हुई है। आयुष पिछले कुछ समय से अपनी मां सोनम और दादी के साथ शुक्लागंज क्षेत्र में किराए के मकान में रह रहा था। परिजनों के मुताबिक, आयुष कैटरिंग का काम करता था और वेटर सप्लाई का काम भी करता था। इसी काम से वह अपना परिवार चलाने में सहयोग करता था। दोस्तों के बुलाने पर घर से निकला था परिजनों के अनुसार, गुरुवार शाम करीब 7 बजे आयुष घर से निकला था। बताया जा रहा है कि उसे उसके कुछ दोस्तों ने बुलाया था। इसके बाद देर रात करीब 11 बजे परिजनों को सूचना मिली कि आयुष के साथ गंगा ट्रांस सिटी के पास हादसा हो गया है। बताया गया कि वह बाइक से जा रहा था, तभी किसी अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में आयुष गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौत हो गई। शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे परिजनों को घटना की पूरी जानकारी मिली, जिसके बाद वे मौके पर पहुंचे। परिजनों ने हादसे पर उठाए सवाल आयुष की मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। मां सोनम समेत अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों का कहना है कि आयुष बिल्कुल सामान्य तरीके से घर से निकला था। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर यह सिर्फ सड़क हादसा था तो घटना की परिस्थितियां स्पष्ट क्यों नहीं हैं। परिजनों ने आरोप लगाया कि आयुष को उसके दोस्त बुलाकर ले गए थे और उन्हें शक है कि इस घटना के पीछे कोई साजिश हो सकती है। CCTV फुटेज और लोगों से पूछताछ में जुटी पुलिस घटना की सूचना मिलते ही गंगाघाट कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अब हादसे की वास्तविक वजह जानने में जुटी है। इसके लिए घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। आयुष की मौत के बाद परिवार ने पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।
Source link
अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत:उन्नाव में परिजनों ने जताई हत्या की आशंका, दोस्तों पर शक; पुलिस खंगाल रही CCTV