नंद प्लाजा सील करने की तैयारी:कैफे-मिनी प्लेक्स के अंधेरे केबिनों में चल रहा था अनैतिक काम,सात पर मुकदमा दर्ज


सदर स्थित नंद प्लाजा अब सील होने वाला है। पुलिस की जांच में सामने आया कि यहां बने कैफे और मिनी मूवी स्टेशन के अंधेरे केबिनों में अनैतिक गतिविधियां चल रही थीं। एलआईयू की सूचना पर पुलिस ने छापा मारकर 11 प्रेमी जोड़ों को पकड़ा था। मौके से आपत्तिजनक सामान और इस्तेमाल किए हुए कंडोम भी बरामद हुए। सदर थाने में एसीपी ताज सुरक्षा यतेंद्र सिंह नागर की तहरीर पर 7 संचालकों के खिलाफ अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। नामजद आरोपित भूपेंद्र कुमार दिवाकर, अनुज शर्मा, पुष्पेंद्र सिंह, शोएब, नरेंद्र सिंह, रविंद्र और सौरभ यादव हैं। गुरुवार को भूपेंद्र, अनुज, पुष्पेंद्र और शोएब को जेल भेज दिया गया। पुलिस ने बुधवार को द रैंप मिनी प्लेक्स, द रैंप कैफे, बरिस्ता कैफे, कैव मिनी प्लेक्स, द रैपिड कैफे, मैक्स सिनेमाज और रैपिड मूवी स्टेशन में कार्रवाई की। इन जगहों पर घंटे के हिसाब से केबिन दिए जा रहे थे। स्थानीय लोगों ने बताया कि ये कैफे सिर्फ दिखावे के लिए थे। असल में केबिनों का इस्तेमाल गलत काम के लिए होता था। पकड़े गए युवक-युवतियों को पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया। पुलिस आयुक्त दीपक कुमार ने बताया कि कमिश्नरेट में डीसीपी के पास मजिस्ट्रेटी शक्तियां हैं। इसी के तहत नंद प्लाजा को सील करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। परिसर के पास मंदिर और स्कूल हैं। वहां चल रही अवैध गतिविधियों से लोग काफी समय से परेशान थे। आयुक्त ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि अपने-अपने क्षेत्र में ऐसे कैफे और मिनी प्लेक्स की जांच करें। जहां भी इस तरह के अंधेरे केबिन मिलें, उन्हें तुरंत बंद कराया जाए। जानकारी के अनुसार नंद प्लाजा में 8 साल पहले बरिस्ता कैफे के साथ केबिन की शुरुआत हुई थी। 2018 में बने इन केबिनों को बाद में अन्य दुकानों ने भी कॉपी कर लिया। अब यह अवैध कमाई का जरिया बन गया था। सदर और ताजगंज में भी ऐसे कई कैफे चल रहे हैं। पुलिस अब उनके खिलाफ भी अभियान चलाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *