मुजफ्फरनगर में कांवड़ यात्रा सुरक्षा का नया मॉडल:पहली बार शिव चौक पर बना पुलिस मोर्चा, ADG ने शिवभक्तों से बात कर जाना हाल


मुज़फ़्फ़रनगर। कांवड़ यात्रा अपने अंतिम और सबसे संवेदनशील चरण में पहुंच चुकी है। लाखों-करोड़ों शिवभक्तों की सुरक्षित और सुचारु यात्रा सुनिश्चित करने के लिए शासन और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रहा है। गुरुवार देर रात करीब 12 बजे मेरठ जोन के एडीजी भानु भास्कर ने सहारनपुर रेंज के डीआईजी अभिषेक सिंह, जिलाधिकारी उमेश कुमार मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के साथ कांवड़ मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने विभिन्न सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया, अधीनस्थ अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और रास्ते में शिवभक्तों से बातचीत कर उनकी यात्रा का हाल भी जाना। इस बार की कांवड़ यात्रा में सुरक्षा व्यवस्था का सबसे अलग और महत्वपूर्ण पहलू शहर की हृदयस्थली शिव चौक पर पहली बार बनाया गया पुलिस मोर्चा रहा। आबकारी पुलिस चौकी के ठीक बाहर विशेष रूप से यह मोर्चा तैयार किया गया है, जहां जमीन से लगभग चार से पांच फुट ऊंचा रैंप बनाकर उस पर मिट्टी से भरे बोरे लगाए गए हैं। इस अस्थायी सुरक्षा संरचना पर हथियारों से लैस पुलिसकर्मी लगातार तैनात रहकर पूरे क्षेत्र पर पैनी नजर बनाए हुए हैं। पुलिस के अनुसार शिव चौक कांवड़ यात्रा का सबसे व्यस्त और संवेदनशील स्थानों में शामिल है, जहां चौबीसों घंटे लाखों श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रहती है। इसी को देखते हुए इस बार पारंपरिक सुरक्षा व्यवस्था से आगे बढ़कर अतिरिक्त रणनीतिक इंतजाम किए गए हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल प्रभावी कार्रवाई की जा सके। स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्होंने पहली बार कांवड़ यात्रा के दौरान इस तरह की बॉर्डर जैसी सुरक्षा व्यवस्था देखी है। इससे पहले कभी शिव चौक पर इस प्रकार का पुलिस मोर्चा नहीं बनाया गया था। कांवड़ यात्रा के दौरान जनपद पुलिस, प्रशासन, पीएसी, एटीएस, डॉग स्क्वॉड और अन्य सुरक्षा एजेंसियां लगातार निगरानी बनाए हुए हैं। देर रात हुए निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था का सूक्ष्म परीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को सतर्कता के साथ ड्यूटी निभाने के निर्देश भी दिए।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *