![]()
ललितपुर जिलाधिकारी सत्य प्रकाश ने जिले में बढ़ रहे कैंसर और अन्य गंभीर बीमारियों पर चिंता जताते हुए कृषि विभाग को गांव-गांव जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि खेतों में रासायनिक कीटनाशकों और उर्वरकों का अंधाधुंध प्रयोग लोगों के स्वास्थ्य पर गंभीर असर डाल रहा है। किसानों को अब प्राकृतिक और जैविक खेती की ओर बढ़ने के लिए प्रेरित किया जाना चाहिए। बुधवार शाम कलेक्ट्रेट सभागार में कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं की कार्यकारी समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए डीएम सत्य प्रकाश ने कहा कि रासायनिक खाद और जहरीले कीटनाशकों के अत्यधिक उपयोग से सब्जियां और खाद्यान्न विषैले होते जा रहे हैं। इसका असर किसानों, उनके परिवारों और आम लोगों के स्वास्थ्य पर पड़ रहा है तथा कैंसर समेत कई गंभीर बीमारियों के मामले बढ़ रहे हैं। गांव-गांव किसानों को किया जाएगा जागरूक डीएम ने उप कृषि निदेशक को निर्देश दिए कि कृषि विभाग की पूरी टीम गांवों में जाकर किसानों को रासायनिक खेती के दुष्प्रभावों की जानकारी दे। उन्होंने कहा कि किसानों को समझाया जाए कि वे फसलों में अनावश्यक कीटनाशकों का छिड़काव और रासायनिक उर्वरकों का अत्यधिक प्रयोग कम करें तथा जैविक और प्राकृतिक खेती अपनाएं। किसान गोष्ठियों और प्रशिक्षण कार्यक्रमों पर जोर जिलाधिकारी ने कृषि विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों से कहा कि किसान गोष्ठियों, किसान पाठशालाओं और प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से वैज्ञानिक एवं व्यावहारिक जानकारी दी जाए। उन्होंने जैविक खेती को जन आंदोलन का स्वरूप देने पर भी जोर दिया। वर्ष 2026-27 की कृषि योजनाओं की हुई समीक्षा बैठक में राष्ट्रीयकृत विस्तार एवं प्रौद्योगिकी मिशन, राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा एवं पोषण मिशन, उत्तर प्रदेश मिलेट्स पुनरुद्धार कार्यक्रम, बुंदेलखंड आधारित प्राकृतिक खेती तथा मिशन फॉर आत्मनिर्भरता इन पल्सेज सहित विभिन्न योजनाओं की वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई। उप कृषि निदेशक ने विभिन्न योजनाओं का प्रस्तुतीकरण भी किया। फसल विविधीकरण और प्राकृतिक खेती अपनाने की सलाह डीएम ने किसानों को मौसम और जल उपलब्धता के अनुसार फसल विविधीकरण अपनाने, दलहनी एवं तिलहनी फसलों का रकबा बढ़ाने तथा औषधीय पौधों, विशेषकर तुलसी सहित प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने की सलाह दी। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी शेषनाथ चौहान, कृषि विज्ञान केंद्र के अध्यक्ष डॉ. मुकेश चंद्र, जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक हरीश शर्मा, जिला कृषि अधिकारी रंजीत कुमार चौरसिया समेत कृषि विभाग के अधिकारी, प्रगतिशील किसान और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
Source link
डीएम बोले- रासायनिक कीटनाशक और खाद बढ़ा रहे गंभीर बीमारियां:ललितपुर में किसानों को जैविक खेती अपनाने के निर्देश, गांव-गांव चलेगा जागरूकता अभियान