![]()
सदर बाजार में वर्षों से लंबित विकास कार्यों को अब गति मिलती दिखाई दे रही है। अवैध वेंडरों के खिलाफ कार्रवाई, चाट गली में ड्रेनेज व्यवस्था की मंजूरी और ताज रोड के फुटपाथ के नवीनीकरण समेत कई कार्यों को स्वीकृति मिलने पर सदर बाजार ट्रेडर्स एसोसिएशन (एसबीटीए) ने छावनी परिषद के अधिकारियों के प्रति आभार जताया है। एसोसिएशन का कहना है कि इन कार्यों से बाजार की व्यवस्थाएं बेहतर होंगी और पर्यटकों व स्थानीय लोगों को सुविधा मिलेगी। एसोसिएशन की ओर से बुधवार को जारी पत्र में कहा गया कि लंबे समय से बाजार में विकास कार्य अपेक्षित गति से नहीं हो पा रहे थे, लेकिन पिछले कुछ महीनों में कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी मिली है। एसबीटीए के अनुसार, पर्यटकों और स्थानीय लोगों को परेशानी पहुंचाने वाले अवैध वेंडरों के खिलाफ कार्रवाई के लिए टास्क फोर्स का गठन किया गया है। इसके तहत बाजार क्षेत्र से अवैध वेंडरों को हटाने की कार्रवाई की गई। वहीं, चाट गली से अवैध स्टॉल हटाए जाने के बाद वहां लोगों की आवाजाही के लिए अधिक स्थान उपलब्ध हुआ है। पत्र के अनुसार, करीब 20 वर्ष बाद चाट गली में जल निकासी (ड्रेनेज) व्यवस्था को मंजूरी दी गई है। एसोसिएशन का कहना है कि इस कार्य के पूरा होने से बरसात के दौरान जलभराव की समस्या में राहत मिलने की उम्मीद है। इसके अलावा ताज रोड स्थित फुटपाथ क्षेत्र में 17 वर्ष बाद कोटा पत्थर बदलने के कार्य को भी स्वीकृति मिली है। एसबीटीए ने पत्र में यह भी उल्लेख किया है कि सदर बाजार के सौंदर्यीकरण से जुड़ी अन्य परियोजनाओं को भी मंजूरी दी गई है। एसोसिएशन ने छावनी परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) दीपक मोहन और उनकी टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने व्यापारियों की समस्याओं को समझते हुए विकास कार्यों को आगे बढ़ाने में सहयोग किया। पत्र में ब्रिगेडियर का भी आभार व्यक्त किया गया है। एसोसिएशन ने उम्मीद जताई कि स्वीकृत परियोजनाओं के पूरा होने से सदर बाजार की आधारभूत सुविधाएं मजबूत होंगी और बाजार आने वाले पर्यटकों व स्थानीय लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।
Source link
सदर बाजार के विकास कार्यों पर व्यापारियों का आभार:20 साल बाद ड्रेनेज और 17 साल बाद फुटपाथ सुधार कार्य को स्वीकृति, कार्य को मिली रफ्तार