कानपुर रोजगार मेले में 290 को मिली नौकरी:647 युवाओं ने लिया हिस्सा, साक्षात्कार और शैक्षणिक योग्यता के आधार पर चयन


कानपुर के ब्रह्मानंद कॉलेज में आयोजित एक दिवसीय रोजगार मेले में 647 अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया। विभिन्न निजी कंपनियों ने साक्षात्कार और शैक्षणिक योग्यता के आधार पर 290 युवाओं का चयन किया। चयनित अभ्यर्थियों को 10 हजार से 29,500 रुपये प्रतिमाह तक के वेतन पर नौकरी के अवसर मिले। रोजगार मेले का शुभारंभ मुख्य अतिथि क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी, कानपुर मंडल प्रो. राजेश प्रकाश ने किया। इस अवसर पर सहायक निदेशक सेवायोजन उज्ज्वल कुमार सिंह, ब्रह्मानंद कॉलेज के प्राचार्य प्रो. विवेक द्विवेदी सहित अन्य अधिकारी, शिक्षक और प्रतिनिधि मौजूद रहे। प्राचार्य प्रो. विवेक द्विवेदी ने कहा कि शिक्षा तभी सार्थक होती है, जब वह युवाओं को आत्मनिर्भर बनने का अवसर दे। उन्होंने कहा कि रोजगार मेले विद्यार्थियों को उनकी योग्यता के अनुरूप रोजगार उपलब्ध कराने का प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के तहत सेवायोजन विभाग अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। इन कंपनियों ने लिया हिस्सा रोजगार मेले में द इंडियन थर्मिट कॉरपोरेशन लिमिटेड, यूएसके इक्विपमेंट एलएलपी (अशोक लीलैंड), सिग्मा स्टाफिंग सॉल्यूशन, सुपर क्लाउड, ब्लिंकिट, टीमप्लस एचआर सर्विस, हिताची कैश मैनेजमेंट सर्विसेज, वर्धमान टेक्सटाइल्स, स्टार ग्रुप ऑफ मैनपावर सर्विसेज, श्रीराम फाइनेंस, एनएस वर्ल्ड ग्रुप, एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस, रक्षा सिक्योरिटी सर्विसेज और एलआईसी कॉन चेंबर सहित कई कंपनियों ने भाग लिया। कंपनियों ने अभ्यर्थियों का चयन साक्षात्कार और शैक्षिक योग्यता के आधार पर किया। चयनित युवाओं को 10 हजार से 29,500 रुपये प्रतिमाह तक के वेतन पर नौकरी के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया। ‘रोजगार से मजबूत होगा समाज और राष्ट्र’ मुख्य अतिथि प्रो. राजेश प्रकाश ने कहा कि शिक्षण संस्थानों से निकलने वाले युवाओं को यदि रोजगार मेले के माध्यम से नौकरी मिलती है, तो इससे न केवल उनका भविष्य बेहतर होता है, बल्कि समाज और राष्ट्र भी मजबूत होता है। उन्होंने युवाओं से अपनी योग्यता और कौशल के अनुरूप उपलब्ध अवसरों का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *