कुशीनगर में दो सिपाही निलंबित:महिला को जबरन ले जाने और शराब मांगने का आरोप, विभागीय जांच के आदेश


कुशीनगर के कसया थाना क्षेत्र में एक ढाबा संचालक और ब्यूटी पार्लर संचालिका ने थाने के दो सिपाहियों समेत तीन लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़ितों का आरोप है कि आरोपियों ने घर में घुसकर मारपीट की, महिला को जबरन अपने साथ ले गए और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी। मामला पुलिस अधीक्षक तक पहुंचने के बाद दोनों सिपाहियों को निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं। पीड़ित ढाबा संचालक के अनुसार, कसया थाने में तैनात सिपाही उमाशंकर यादव, सिपाही सत्येंद्र यादव और एक अन्य व्यक्ति सोमवार देर रात उसके कमरे पर पहुंचे। आरोप है कि तीनों ने शराब और एक लड़की की मांग की। मांग पूरी न होने पर उन्होंने कमरे में घुसकर मारपीट की।
आरोप है कि इसके बाद तीनों पड़ोस में रहने वाली एक महिला को जबरन अपने साथ गोरखपुर के माड़ापार क्षेत्र ले गए। महिला का कहना है कि उसे करीब तीन घंटे तक अपने साथ रखा गया और मंगलवार सुबह करीब 5:30 बजे वापस घर छोड़ दिया गया। इस दौरान उसके साथ दुर्व्यवहार किया गया। साथ ही उसे और ढाबा संचालक को झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी भी दी गई। पीड़ित पक्ष ने पुलिस अधीक्षक केशव कुमार को शिकायत देकर न्याय की मांग की। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपी सिपाहियों को निलंबित कर दिया और विभागीय जांच के आदेश दिए हैं। घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। पीड़ितों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *