![]()
महोबा के पनवाड़ी में सोमवार को एनएच पर हुए एक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह दुर्घटना भरवारा के पास अर्जुन सहायक नहर पुल के नजदीक हुई। पुलिस के अनुसार, हादसे में 40 वर्षीय गयादीन अहिरवार की मौके पर ही मौत हो गई। राजू शाह और शेरू शाह गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है। यह घटना पनवाड़ी थाना क्षेत्र में भरवारा से निकली अर्जुन सहायक नहर पुल के पास एक पेट्रोल पंप के सामने हुई। सूचना मिलते ही डायल-112 पुलिस और डायल-108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। हादसे के कारणों को लेकर दो अलग-अलग दावे सामने आए हैं। पुलिस की शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि बाइक अचानक सड़क पर आई नीलगाय से टकराकर अनियंत्रित हो गई। वहीं, घटनास्थल पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि बाइक की सीधी टक्कर एक ट्रैक्टर से हुई थी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार तीनों लोग सड़क पर दूर जा गिरे। घायल राजू शाह ने बताया कि वे तीनों गयादीन की बाइक से कुलपहाड़ में उसकी बेटी के घर मछली लेने जा रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। मृतक गयादीन के परिवार में हादसे की खबर से शोक का माहौल है।
Source link
महोबा में सड़क हादसे में अधेड़ की मौत:बाइक की ट्रैक्टर से टक्कर, दो गंभीर घायल